ढोल-नगाड़े व हाथी घोड़ों के साथ 21 सौ महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 17 May 2026 6:02 PM
प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार से भक्ति की बयार के बीच श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आगाज किया गया.
प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर में आयोजित हो रहा है नौ दिवसीय श्री-श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर निकाली गयी भव्य कलश शोभायात्राशोभायात्रा में हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े से भक्तिमय हो गया माहौलखैरा. प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार से भक्ति की बयार के बीच श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आगाज किया गया. नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ के पहले दिन रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. इसमें इक्कीस सौ महिला व युवतियों ने अपने सर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया. यह शोभायात्रा करीब 12 किलोमीटर लंबी रही. शोभायात्रा गोपालपुर स्थित यज्ञ स्थल से शुरू हुई. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन के बाद यात्रा शुरू होकर रायपुरा स्थित नवनिर्मित मां दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना कर मंदिर की परिक्रमा की. इसके बाद शोभायात्रा गोपालपुर, चरघरा, खैरा बाजार, खैरा हाई स्कूल मोड़, नवडीहा, केंडीह और बल्लोपुर होते हुए किऊल नदी के नरियाना घाट पहुंची. यहां वरुण देव का आह्वान कर कलश में जल भरा गया. घाट पर शंखध्वनि और मंत्रोच्चार से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया. जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे, जहां कलश स्थापना के साथ यात्रा का समापन हुआ. कलश शोभायात्रा के दौरान महिलाएं मंगल गीत गाते हुए आगे बढ़ रही थीं और उनके पीछे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जय श्रीराम तथा हर-हर महादेव के उद्घोष कर रही थी. इस दौरान हाथी, घोड़े, रथ, ढोल-नगाड़े और भक्ति संगीत ने यात्रा को और भी आकर्षक बना दिया. भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान और भगवान शंकर का रूप धारण किए कलाकार लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. बताते चलें कि यह महायज्ञ सनातन धर्म महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य जयदेव जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है. यज्ञ के यजमान अमित कुमार चौरसिया व प्रियंका कुमारी हैं.
प्रतिदिन आयोजित होंगे कई भव्य कार्यक्रम
आयोजन समिति के द्वारा बताया गया कि यज्ञ को लेकर भव्य तैयारियां की गयी है. इसे लेकर गोपालपुर मैदान में यज्ञशाला, मंडप इत्यादि का निर्माण किया गया है. जहां प्रतिदिन वृंदावन से पधारी प्रख्यात कथावाचक किशोरी गौरी प्रिया के द्वारा कथा प्रवचन किया जायेगा. इस महायज्ञ में यज्ञाचार्य के रूप में शालिग्राम पांडेय वैदिक अनुष्ठानों का संचालन कर रहे हैं. आयोजन समिति ने बताया कि नौ दिनों तक प्रतिदिन कथा, हवन और रासलीला का आयोजन होगा. इसके लिए बनारस से नौ विद्वान ब्राह्मण भी आए हैं, जो अनुष्ठानों में सहयोग कर रहे हैं. यज्ञ को लेकर गोपालपुर, खैरा, रायपुरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.भीषण गर्मी पर भारी पड़ी आस्था
रविवार को भीषण गर्मी के बीच इस कलश यात्रा का आयोजन किया गया. तेज धूप, चिलचिलाती गर्मी और पसीने से तरबतर रास्ते भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे फीके पड़ गये. शोभा यात्रा के दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पर लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत और नींबू पानी की व्यवस्था की थी. कई जगहों पर ग्रामीणों ने सड़क पर पानी का छिड़काव भी किया. खैरा बाजार, नवडीहा, गोपालपुर सहित कई जगहों पर श्रद्धालु ने यात्रा में शामिल महिलाओं को शरबत पिलाया. यात्रा के दौरान पुलिस की टीम भी साथ चल रही थी. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों बाद क्षेत्र में इतना बड़ा धार्मिक आयोजन देखने को मिल रहा है. इसे लेकर यज्ञ समिति के सदस्य लगातार मेहनत कर रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










