एक घंटा 15 मिनट तक खैरा में रहेंगे प्रधानमंत्री
Updated at : 02 Apr 2019 6:56 AM (IST)
विज्ञापन

जमुई : दो अप्रैल को खैरा प्रखंड क्षेत्र के बल्लोपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले जनसभा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में अधिकारियों की बैठक हुई. मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री […]
विज्ञापन
जमुई : दो अप्रैल को खैरा प्रखंड क्षेत्र के बल्लोपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले जनसभा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में अधिकारियों की बैठक हुई. मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सभा स्थल, पंडाल, हेलीपैड, लोगों के प्रवेश और निकास करने वाले सभी द्वार पर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करनी है.
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहना है. इस दौरान सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी है और सभी अधिकारियों को अलग-अलग जगहों पर तैनात रहना है. सभा स्थल के आसपास के गांवों को भी सील कर देना है और अलग-अलग जगह पर लगे हुए बैरियर पर सभी आने जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच करनी है.
प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी कीमत पर दो पहिया अथवा चार पहिया वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा. प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर सभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे. सभा स्थल के आसपास विधि व्यवस्था कायम रखने को भी लेकर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करनी है.
पीएम के साथ आयेंगे सुशील मोदी
प्रखंड क्षेत्र के केंडीह पंचायत के बल्लोपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहेंगे. उक्त बातों की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रभारी मिथिलेश तिवारी ने दी.
उन्होंने बताया कि सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, नंदकिशोर यादव, भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद रामचंद्र पासवान सहित आसपास के सभी विधानसभा और जिलों के विधायक मौजूद रहेंगे. वहीं कार्यक्रम को लेकर जमुई सांसद चिराग पासवान ने भी सभा स्थल का दौरा किया तथा कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता भी की.
सांसद के साथ सेल्फी लेने को उत्सुक दिखे पुलिस जवान . प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सभा स्थल का जायजा लेने पहुंचे सांसद चिराग पासवान के साथ सेल्फी लेने के लिए पुलिस के जवान उत्सुक दिखे.
इस दौरान बीएमपी जवानों ने बड़ी संख्या में सांसद चिराग पासवान के साथ सेल्फी ली. बताते चलें कि सांसद चिराग पासवान राजनीति में आने से पहले फिल्मों में काम करते थे.
डॉग स्क्वायड से होती रही निगरानी
पीएम मोदी की सभा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर डॉग स्क्वायड के द्वारा लगातार पूरे इलाके की छानबीन की जाती रही. इस दौरान दर्जनों की संख्या में डॉग स्क्वायड अलग-अलग इलाके में घूम कर किसी भी संदिग्ध वस्तु और अन्य गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. इसके अलावा पूरे इलाके की छानबीन की जा रही थी. सभा स्थल के रेतीला होने के कारण सुरक्षा के जवाबदेही और पुख्ता हो गई है तथा इसे लेकर व्यापक इंतजाम किया गया है.
1:00 बजे के बाद खैरा आयेंगे पीएम
अपने चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक घंटा 15 मिनट तक खैरा की धरती पर उपस्थित रहेंगे, जिसके बाद वह गया के लिए उड़ान भरेंगे. जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 1:00 बजे के बाद किसी भी वक्त खैरा पहुंच सकते हैं.
सुरक्षा कारणों से उनके आगमन का सही समय नहीं बताया जा रहा है. इस दौरान प्रधानमंत्री लगातार एक घंटा 15 मिनट तक खैरा में मौजूद रहेंगे और वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.
जिसके बाद वह एयर फोर्स के हेलीकॉप्टर से ही गया के लिए रवाना हो जाएंगे और गया में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वह एयरपोर्ट के विशेष विमान से दिल्ली के लिए लौट जाएंगे. वहीं उनके आगमन को लेकर हवाई सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
एडीजी ने सुरक्षा का लिया जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर विधि व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार सोमवार को बल्लोपुर पहुंचे तथा प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया.
एडीजी अमित कुमार मुख्य मंच, हेलीपैड, कंट्रोल रूम तथा आम लोगों को बैठाने के लिए बनाई गई जगह का घूम-घूम कर जायजा लिया तथा विस्तृत रूप से सुरक्षा व्यवस्था की की गई तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मापदंड के हिसाब से की जा रही तैयारियों को लेकर कई तरह के दिशा-निर्देश भी दिए.
जोनल आइजी ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जोनल आइजी विनोद कुमार सोमवार को बल्लोपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने सभा स्थल के समीप बने हेलीपैड का प्रमुखता से जायजा लिया. साथ ही वह लगातार सभा स्थल पर ही मौजूद रहे.
सभा स्थल पर बनाये गये हैं दो रास्ते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान सभा स्थल पर जाने के लिए दो रास्ता बनाया गया है. जिसमें पहला रास्ता मंच के दाहिनी तरफ बनाया गया है, जिससे होकर सिर्फ वीआईपी वीवीआइपी और पत्रकारों को जाने की अनुमति होगी. वहीं, दूसरा रास्ता मंच के बिल्कुल सामने पूर्व की दिशा में बनाया गया है जिससे आम लोगों और अन्य लोगों को जाने की अनुमति होगी.
इसे लेकर खैरा की तरफ से आने वाले लोगों को नरयाना पुल से पहले मुख्य रास्ते से दाहिने उतरकर नरियाना पुल के नीचे से गुजर कर सभा स्थल तक का सफर तय करना होगा. तो वहीं वीवीआइपी और पत्रकारों को पुल से पहले बाई तरफ के रास्ते से उतार कर सीधे और पत्रकार दीर्घा में ले जाया जाएगा. इसके अलावा दूसरी तरफ से आने वाले लोगों को नदी के रास्ते सभा स्थल तक आना होगा.
पीएम की सभा के दौरान अलर्ट रहेंगे सात एंबुलेंस
जमुई. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को जिले के खैरा प्रखंड स्थित गोपालपुर नरियाना में आम सभा को संबोधित करेंगे. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सात एंबुलेंस को लगाया गया है.
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा. विजेंद्र सत्यार्थी ने बताया कि विभाग के निर्देशानुसार 1099 के तीन, 102 के तीन तथा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान पटना के एक एंबुलेंस को लगाया गया है. एसीएमओ डा. श्री सत्यार्थी ने बताया तीन एंबुलेंस पीएम काफिला, सभा स्थल तथा सदर अस्पताल में रहेगा.
उन्होंने बताया कि सभी एंबुलेंस पर योग्य डाक्टरों के साथ आवश्यकता के अनुसार दवाई एवं अन्य व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया है. अपर मुख्य चिकित्सा पधिकारी ने बताया कि इसके साथ ही सदर अस्पताल स्थित क्षेत्र के अस्पताल की भी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है. जहां विभाग के वरिय एवं कनिय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.
बड़े वाहनों की रहेगी नो एंट्री, पैदल पूरा करना होगा सभा स्थल तक का सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा के दौरान दूरदराज से आने वाले लोगों को सभा स्थल तक पैदल सफर करना होगा. इसे लेकर तीन अलग-अलग जगहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोकने की व्यवस्था और पार्किंग करने की व्यवस्था बनाई गई है. इस क्रम में जमुई की तरफ से आने वाले सभी हैवी मोटर व्हीकल को कवैया महादलित बस्ती के पास बैरियर लगाकर रोक दिया जाएगा.
और उनका रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा अथवा उन्हें वहीं पर रोका जाएगा. जिसके बाद वहां से लाइट मोटर व्हीकल और दोपहिया वाहनों को ही आगे बढ़ने की अनुमति प्राप्त होगी.
इस क्रम में खैरा-सोनो मोड़ के समीप एक अन्य बैरियर लगाया गया है, जहां सभी लाइट मोटर व्हीकल और दोपहिया वाहनों को रोक कर उन्हें खैरा हाई स्कूल फील्ड में पार्क कराया जाएगा. जिसके बाद सभा स्थल तक जाने वाले लोगों को पैदल ही सभा स्थल तक का सफर तय करना पड़ेगा.
इस दौरान वीआईपी, वीवीआईपी और पत्रकार के वाहनों को प्रवेश की छूट रहेगी, वहीं सभा स्थल के समीप ही वीआईपी और वीवीआईपी के वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
सभा स्थल पर नहीं लेकर जा सकते हैं कोई भी सामान
जमुई. दो अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले जनसभा के लिए प्रयुक्त होने वाले स्थल पर किसी भी व्यक्ति को अपने साथ किसी भी प्रकार का बैग, थैला अथवा पेयजल का बोतल ले जाना वर्जित रहेगा. जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक जे रेड्डी ने बताया कि चिन्हित पार्किंग स्थल, मंच के आगे पीछे, मंच पर व सभा स्थल के सभी प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगा रहेगा.
मंच के दक्षिणी भाग तथा सड़क के उत्तरी भाग में सुरक्षा के दृष्टिकोण से जाली का घेरा रहेगा. प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के आसपास ईद का टुकड़ा व अनुपयोगी बिखरा हुआ सामान भी नहीं रहेगा. उन्होंने बताया कि सुरक्षा को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था किया गया है और निर्धारित सभा स्थल से कुछ ही दूरी पर से सभी बैरियर के समीप पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे. सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सभा स्थल की तैयारी में खुद जुटे एसडीपीओ
खैरा : सुरक्षा के लिहाज से प्रधानमंत्री के मुख्य मंच के बाद बनाये गये डी एरिया में अपने मनमाफिक तैयारी नहीं देख कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम पुकार सिंह खुद ही तैयारियों में जुट गये. इस दौरान एसडीपीओ श्री सिंह खुद ही बांस बल्ली लेकर उसे गाड़ने लग गये.
जिसके बाद उन्होंने स्वयं ही डी एरिया के बाद वीआइपी एरिया के चारों तरफ बांस बल्ली लगाने का काम किया. हालांकि पुलिस पदाधिकारी को ऐसा करते देख अन्य मजदूर भी आ गये और आनन-फानन में बांस बल्ली लगाने का काम कर लिया गया. इस बाबत एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.
रैली को ले किया गांव का दौरा . सरौन. प्रधानमंत्री की रैली को लेकर लोजपा के दर्जनों नेताओं ने पूर्व एमएलसी सह लोजपा प्रदेश महासचिव हुलास पांडेय के नेतृत्व में प्रखंड के कोड़ाने, असहना, उर्वा, माधोपुर, भलसुंभा, बसुकीटांड़ सहित कई गांव का दौरा किया .
आशुतोष कुमार, सुदीप कुमार चौधरी, राकेश कुमार सिंह, बिंदेश्वरी वर्मा, जयनंदन सिन्हा, प्रेम चौधरी, राजीव पासवान, संजय पासवान, दिलीप पासवान सहित दर्जनों सपा नेता मौजूद थे.
जागरूकता को ले दिव्यांगों ने निकाली रैली
जमुई. मतदाता जागरूकता को लेकर सदर प्रखंड कार्यालय से सोमवार को क्षेत्र के दिव्यांग जन ने एक जागरूकता रैली निकाली. रैली को बीडीओ पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने रवाना करते हुए बताया कि आगामी 11 अप्रैल को लोकसभा मतदान को लेकर अधिक से अधिक इस कार्य में लोग अपनी सहभागिता दर्ज करें.
बताया कि रैली प्रखंड कार्यालय से कचहरी चौक, महिसौड़ी चौक, महाराजगंज होते शहर के विभिन्न मुहल्ला में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक होने का अपील की. दर्जनों दिव्यांग जन उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




