Gopalganj News: इग्नू में जुलाई सत्र के नामांकन नियम बदले

Gopalganj News: अब बिना अपार आईडी नहीं मिलेगा दाखिला, 15 जुलाई तक भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म
Gopalganj News: (विकाश दुबे) इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय यानी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है. उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे गोपालगंज जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए यह बड़ी खबर है. आवेदन प्रक्रिया 25 मई से शुरू हो चुकी है, जबकि अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है.
बिना अपार आईडी आवेदन नहीं होगा स्वीकार
इस बार नामांकन नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है. अब बिना अपार आईडी के किसी भी छात्र-छात्रा का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. विश्वविद्यालय ने यह व्यवस्था ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन दोनों प्रकार के कोर्सों में लागू की है.
छात्रों में बढ़ी हलचल
जिले में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इग्नू के विभिन्न कोर्सों में नामांकन लेते हैं. नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही साइबर कैफे और ऑनलाइन सेंटरों पर छात्रों की भीड़ बढ़ने लगी है. खासकर नौकरीपेशा युवा, आर्थिक रूप से कमजोर छात्र और नियमित कॉलेज नहीं जा पाने वाले विद्यार्थियों के बीच इग्नू को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है.
कमला राय केंद्र पर ली जा रही जानकारी
कमला राय कॉलेज इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ अमित कुमार ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छात्र 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि आवेदन के दौरान अपार आईडी अनिवार्य कर दिया गया है, इसलिए छात्र पहले से इसे बनवा लें ताकि आवेदन के समय किसी तरह की परेशानी न हो.
कई कोर्सों में लिया जा रहा नामांकन
इग्नू में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट स्तर के कई कोर्सों में दाखिला लिया जा रहा है. दूरस्थ शिक्षा और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी बड़ी संख्या में आवेदन करते हैं.
क्या है अपार आईडी?
अपार आईडी विद्यार्थियों की डिजिटल शैक्षणिक पहचान है. इसमें छात्र की पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन सुरक्षित रहती है. आने वाले समय में अधिकांश विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में इसी व्यवस्था को लागू करने की तैयारी चल रही है.
दो अलग पोर्टल पर होगा आवेदन
दूरस्थ शिक्षा (ODL) कोर्स के लिए छात्रों को
IGNOU Admission Portal
पर आवेदन करना होगा.
वहीं ऑनलाइन कोर्स के लिए
IGNOU Online Portal
पर जाकर फॉर्म भरना होगा.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्रों को रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अनुभव प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी. विश्वविद्यालय ने दस्तावेजों के साइज और फॉर्मेट को लेकर भी नियम तय किए हैं.
साइबर कैफे का नंबर देने से बचें
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन के दौरान अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी ही इस्तेमाल करें. कई बार छात्र साइबर कैफे संचालक का नंबर दर्ज कर देते हैं, जिससे बाद में जरूरी सूचना नहीं मिल पाती और परेशानी बढ़ जाती है.
ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म
छात्रों को सबसे पहले संबंधित पोर्टल पर जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी भरकर यूजरनेम व पासवर्ड बनाना होगा. लॉगिन के बाद कोर्स चयन, दस्तावेज अपलोड और फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. फीस डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई के माध्यम से जमा की जा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










