जमुई में दिनदहाड़े दो महिलाओं को बनाया निशाना, चेन स्नेचिंग और 74 हजार की छिनतई से दहशत

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 26 May 2026 9:19 AM

विज्ञापन

जमुई में दिनदहाड़े दो चेन स्नेचिंग

Jamui Crime News: जमुई शहर में सोमवार को अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कुछ घंटों के भीतर दो महिलाओं को निशाना बना लिया. सदर अस्पताल इलाके में 74 हजार रुपये की छिनतई और कचहरी चौक पर शिक्षिका से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट.

Jamui Crime News: जमुई शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. सोमवार को शहर के दो व्यस्त इलाकों में अपराधियों ने दिनदहाड़े महिलाओं को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी. पहली घटना सदर अस्पताल इलाके में हुई, जहां महिला से 74 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया गया. वहीं दूसरी घटना कचहरी चौक के पास हुई, जहां बाइक सवार अपराधियों ने एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन झपट ली. दोनों घटनाओं के बाद शहरवासियों में भय और नाराजगी बढ़ गयी है.

सदर अस्पताल इलाके में महिला से 74 हजार की छिना

पहली घटना टाउन थाना क्षेत्र की रहने वाली विमला सिन्हा के साथ हुई. बताया गया कि वह स्टेट बैंक से 74 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान सदर अस्पताल इलाके में वह रास्ते में चापाकल पर हाथ धोने के लिए रुकीं. तभी पीछे से आये एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोग जुट गये. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

कोचिंग जा रही शिक्षिका बनी चेन स्नेचरों का शिकार

दूसरी वारदात देर शाम कचहरी चौक स्थित सीजीएम आवास के सामने हुई. झाझा बस स्टैंड निवासी शिक्षिका रश्मि सिन्हा रोज की तरह कोचिंग पढ़ाने जा रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और जमुई-मलयपुर मार्ग की ओर फरार हो गये.

पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी. इसके बाद टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी.

सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान का दावा

टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है और पुलिस जांच में जुटी है. वहीं सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने दावा किया कि 74 हजार रुपये छिनतई मामले में अपराधियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से कर ली गयी है. गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोग परेशान

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है. पिछले कुछ महीनों में शहर में कई चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. लोगों ने शहर में नियमित पुलिस गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन