जमुई में छात्रा से अभद्र व्यवहार पर भड़का आक्रोश, अभाविप ने निकाला मार्च, डीएम कार्यालय का किया घेराव
आक्रोश मार्च में शामिल अभाविप के सदस्य. | Prabhat Khabar Network
जमुई में नाबालिग छात्रा से अभद्र व्यवहार मामले में अभाविप ने निकाला आक्रोश मार्च. छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल, तत्काल कार्रवाई की मांग.
जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने शहर में आक्रोश मार्च निकाला. मार्च कचहरी चौक से शुरू होकर समाहरणालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मामले की त्वरित जांच कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
कानून-व्यवस्था पर उठाये सवाल
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि शहर में छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं, तो यह कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और पीड़ित छात्रा व उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की मांग की.
छात्राओं ने भी कार्रवाई की मांग उठायी
आक्रोश मार्च में शामिल कई छात्राओं ने भी घटना की निंदा की. उन्होंने प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित छात्रा को न्याय और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
कुछ कार्यकर्ताओं ने उठायी एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने आरोपितों के एनकाउंटर तथा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ‘बुलडोजर कार्रवाई’ की मांग भी उठायी. हालांकि, किसी भी आरोपित के खिलाफ कार्रवाई कानून और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप ही की जानी है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई कर पीड़ित छात्रा और उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की मांग की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए