पहली सोमवारी पर शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
Published by : RATNESH KUMAR SHARMA Updated At : 14 Jul 2025 6:14 PM
जिले के शिवभक्तों ने मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ स्थान, सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, हाजीपुर स्थित पातालेश्वर नाथ मंदिर आदि में चढ़ाया जल
हाजीपुर.
सावन की पहली सोमवारी को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में भक्तजनों की भीड़ उमड़ पड़ी. हर हर महादेव के जयघोष से मंदिरों के परिसर गूंज उठे. जिले के शिवभक्तों ने मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ स्थान, सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, हाजीपुर स्थित पातालेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने महादेव की पूजा-अर्चना करते हुए सुख-शांति और मंगल की कामना की. सोमवार की अहले सुबह से डाक कांवरियों तथा अन्य श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक शुरु किया. यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा. दोपहर बाद मंदिरों में फिर दर्शन-पूजन के लिए सोमवारी व्रत करने वाली महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. इस माह में सोमवती व्रत का बहुत महत्व होता है. सावन के हर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां यह व्रत करती हैं. वहीं, शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतारें लगी रहती हैं. शास्त्रों के अनुसार श्रावण मास में लोगों को सात्विक आहार लेना चाहिए.शिवमय हुआ वातावरण, गूंजते रहे भजन-गीत
श्रावणी मेले का पहला सोमवार बोलबम के नारों और भगवान शिव के जयकारों के साथ मंदिरों में जुटी भीड़ से गुलजार रहा. नगर महादेव बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर के अलावे शहर के गांधी चौक स्थित बाबा नागेश्वर नाथ मंदिर, कोनहारा घाट स्थित नेपाली छावनी मंदिर, बाबा विशालनाथ मंदिर, हेला बाजार स्थित आदि हरिहरनाथ गौरी शंकर मंदिर, राजपूत नगर स्थित विशालेश्वर नाथ मंदिर, अनवरपुर चौक स्थित नर्मदेश्वर नाथ मंदिर, स्टेशन चौक के शिव मंदिर, राजेंद्र चौक स्थित त्रिलोकी नाथ मंदिर समेत अन्य शिवालयों और मठ-मंदिरों में सुबह से शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही. शहर के मंदिर परिसरों और चौक-चौराहों पर बाबा भोलेनाथ के गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा. अनेक मंदिरों में शाम में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए.पातालेश्वरनाथ मंदिर में हुआ विशेष शृंगार
सावन की पहली सोमवारी को स्थानीय पातालेश्वर नाथ मंदिर में पट खुलते ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरु हो गया. दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मंदिर में रुद्राभिषेक के अलावा शाम में बाबा पातालेश्वरनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया और पूजन के बाद आरती का कार्यक्रम हुआ. इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु और भक्तजन शामिल हुए. इसके अलावा नगर के कई शिवालयों में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम होते रहे. बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित सोमवारी मेला लोगों की भीड़ से गुलजार रहा. शाम से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मेले में जुटने लगे और देर रात तक लोगों की आवाजाही होती रही. वहीं, बच्चों ने मेले में लगाये गये झूले और खेल-तमाशे का भरपूर आनंद लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










