hajipur news. अंतिम सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए शिवालयों में उमड़ी भीड़

Published by : KAIF AHMED Updated At : 04 Aug 2025 6:10 PM

विज्ञापन

सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा-गंडक के संगम में स्नान-ध्यान के बाद मंदिरों में पूजा की

विज्ञापन

हाजीपुर.

बाबा भोले के जयकारे के साथ मंदिरों में जुटी भीड़ से श्रावणी मेले का अंतिम सोमवार भी गुलजार रहा. सावन की अंतिम सोमवारी को शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शिवभक्तों ने गंगा-गंडक के संगम में स्नान-ध्यान के बाद महादेव मंदिरों में दर्शन-पूजन किया. शहर के कौनहारा घाट, सीढ़ी घाट एवं अन्य घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी. भक्तों ने भगवान शिव को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की. हर हर महादेव के जयघोष से मंदिरों के परिसर गूंज उठे. शिवभक्तों ने मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ धाम, सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, हाजीपुर स्थित पातालेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने महादेव की पूजा-अर्चना करते हुए सुख-शांति और मंगल की कामना की. सोमवार की अहले सुबह से डाक कांवरियों तथा अन्य श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक शुरु किया. यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा. दोपहर बाद मंदिरों में फिर दर्शन-पूजन के लिए सोमवारी व्रत करने वाली महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी.

विभिन्न स्थानों पर हुआ रुद्राभिषेक व भजन-कीर्तन

नगर महादेव बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर के अलावे शहर के गांधी चौक स्थित बाबा नागेश्वर नाथ मंदिर, कौनहारा घाट स्थित बाबा विशालनाथ मंदिर, नेपाली छावनी मंदिर, हेला बाजार स्थित आदि हरिहरनाथ गौरी शंकर मंदिर, राजपूत नगर स्थित बाबा विशालेश्वर नाथ मंदिर, अनवरपुर चौक स्थित बाबा नर्मदेश्वर नाथ मंदिर, राजेंद्र चौक स्थित त्रिलोकी नाथ मंदिर, स्टेशन चौक के शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों और मठ-मंदिरों में सुबह से शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही. शहर के चौक-चौराहों और मंदिर परिसरों में बाबा भोलेनाथ के गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा. विभिन्न स्थानों पर रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए.

सावन की अंतिम सोमवारी को स्थानीय पातालेश्वर नाथ मंदिर में पट खुलते ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरु हो गया. दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मंदिर में रुद्राभिषेक के अलावे शाम में बाबा पातालेश्वरनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया और पूजन के बाद आरती का कार्यक्रम हुआ. इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु और भक्तजन शामिल हुए. इसके अलावा नगर के कई शिवालयों में भजन-कीर्तन होते रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
KAIF AHMED

लेखक के बारे में

By KAIF AHMED

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन