गोपालगंज में नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन, युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में शामिल अतिथि, प्राचार्य व अन्य
Gopalganj News : नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से गोपालगंज में माई भारत की ओर से कमला राय कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान युवाओं ने अपनी कला के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
Gopalganj News : नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से कमला राय कॉलेज के सभागार में सोमवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान संगीत, चित्रकला, भाषण, नृत्य और कविता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, कमला राय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हृषिकेश पांडेय तथा जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. अतिथियों ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है. इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया. संगीत प्रतियोगिता में अंकिता कुमारी ने प्रथम, सचिन कुमार ने द्वितीय तथा रिया कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. चित्रकला प्रतियोगिता में जूली शर्मा प्रथम, सुषमा कुमारी द्वितीय और विभूति कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. भाषण प्रतियोगिता में सचिन कुमार ने प्रथम, सूरज कुमार ने द्वितीय तथा रिया कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया. वहीं नृत्य प्रतियोगिता में अंजली कुमारी प्रथम, रिया द्वितीय और वंदना तृतीय स्थान पर रहीं. कविता प्रतियोगिता में कविता रानी ने प्रथम, सुरेखा कुमारी ने द्वितीय तथा कविता कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
निर्णायकों और स्वयंसेवकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन अंजली श्रीवास्तव, प्रवीण पांडेय, राजदेव कुमार, पिंकी राय, निरमा मौर्या, संजय कुमार, इसरारुल हक, उपेंद्र कुमार, मंजू कुमारी और डेजी कुमारी ने किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अनिश कुमार, नवीन सोलंकी, आदित्य तिवारी, आलोक रंजन, हरिओम राय, सूरज कुमार, चंदन, प्रिंस सिंह, संकेत कुमार, गोलू शुक्ला और विवेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. अतिथियों ने कहा कि नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा स्वयं जागरूक होकर समाज को भी इसके प्रति प्रेरित करेंगे. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने परिवार, समाज और देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










