टूकर बाबा के दरबार में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव संपन्न, भक्ति गीतों और महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Author Sanjay tiwari|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
टुकर बाबा के स्थान के पास उपस्थित श्रद्धालु

टुकर बाबा के स्थान के पास उपस्थित श्रद्धालु

Gopalganj News : प्रेमनगर आश्रम के पास स्थित टूकर बाबा के पावन दरबार में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. हजारों श्रद्धालुओं ने महाआरती, भजन संध्या और महाप्रसाद का आनंद लिया.

विज्ञापन

Gopalganj News : प्रेमनगर आश्रम के समीप स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र टूकर बाबा के पावन दरबार में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचे.

पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ हुआ उत्सव का शुभारंभ

वार्षिक उत्सव की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और बाबा के भव्य शृंगार के साथ हुई. दो दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में स्थानीय तथा दूर-दराज से आए भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. भजन गायिका रीता तिवारी और डबल व्यास ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए.

संत टूकर बाबा की समाधि से जुड़ी है ऐतिहासिक मान्यता

प्रेमनगर आश्रम के समीप स्थित संत टूकर बाबा का स्थान क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. जनश्रुतियों के अनुसार संत टूकर बाबा अघोर पंथ के संत थे और दहारी दास तथा तिरपिट दास के शिष्य थे. बताया जाता है कि वर्तमान मंदिर स्थल पर ही उन्होंने समाधि ली थी. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार संत टूकर बाबा अलौकिक शक्तियों से संपन्न थे और लोगों के दुख-दर्द दूर करने के लिए जाने जाते थे. उनकी समाधि के बाद से प्रत्येक वर्ष आषाढ़ मास के अंतिम पखवारे में उनकी स्मृति में पूजन, भजन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं. यह परंपरा वर्षों से लगातार चली आ रही है.

महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

वार्षिक उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में महाप्रसाद का भी भव्य आयोजन किया गया. हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया. दो दिनों तक बाबा के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा.

आयोजन समिति ने जताया आभार

आयोजन समिति के सदस्य चिरंजीवी सिंह, सत्येंद्र सिंह, जदयू नगर अध्यक्ष दिनेश पटेल, वीरेंद्र सिंह, सुनील सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सफल आयोजन में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से वार्षिक उत्सव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

Also Read : सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित



विज्ञापन
Sanjay Tiwari

लेखक के बारे में

By Sanjay Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन