थावे मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य में आई तेजी, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

थावे दुर्गा मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण युद्धस्तर पर तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
Gopalganj News : गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है. मंदिर और आसपास के क्षेत्रों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
Gopalganj News : जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य पर्यटन विभाग की ओर से युद्धस्तर पर कराया जा रहा है. मंदिर परिसर में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले.
नाला निर्माण से लेकर टाइल्स बिछाने तक कई कार्य जारी
सोमवार को मंदिर परिसर में नाला निर्माण, दुकानों के आसपास विकास कार्य, टाइल्स बिछाने, ढलाई, स्टील ग्रिल लगाने तथा फर्श निर्माण का कार्य तेजी से चलता रहा. निर्माण कार्य में लगे मजदूर और तकनीकी कर्मी निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने में जुटे हैं.
रहषू मंदिर और तालाब का भी हो रहा सौंदर्यीकरण
मुख्य मंदिर परिसर से सटे रहषू मंदिर का भी सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है. इसके साथ ही पास स्थित तालाब की साफ-सफाई, सुंदरीकरण और आसपास के क्षेत्र को विकसित करने का कार्य भी समानांतर रूप से जारी है, जिससे पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
थावे दुर्गा मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक अमरेंद्र दुबे ने बताया कि पर्यटन विभाग के निर्देशन में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर पहले से अधिक विकसित और आकर्षक बनेगा. इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










