ePaper

Gopalganj News : होली की खुशियां मातम में बदली, सड़क हादसों में चार की हुई मौत, कुचायकोट, फुलवरिया व बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में हुईं सड़क दुर्घटनाएं

Updated at : 16 Mar 2025 9:34 PM (IST)
विज्ञापन
Gopalganj News  : होली की खुशियां मातम में बदली, सड़क हादसों में चार की हुई मौत, कुचायकोट, फुलवरिया व बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में हुईं सड़क दुर्घटनाएं

Gopalganj News : गोपालगंज में तीन परिवारों के लिए होली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गयी. यहां अलग-अलग जगहों पर हुए दर्दनाक सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गयी.

विज्ञापन

गोपालगंज. जिले में तीन परिवारों के लिए होली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गयीं. यहां अलग-अलग जगहों पर हुए दर्दनाक सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गयी. हादसों की वजह तेज रफ्तार, लापरवाही और ब्रेकर होने की बात सामने आयी. वहीं अन्य हादसों में 19 से अधिक लोग घायल हो गये. एनएच-27 से लेकर स्टेट हाइवे पर अधिकतर हादसे हुए. अलग-अलग जगहों से आयी हादसों की रिपोर्ट जानिए.

होली में ससुराल से लौट रहे युवक की हादसे में मौत

सासामुसा. होली में ससुराल से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गयी. ये हादसा विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर गांव के पास हुआ. परिजनों के अनुसार गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से हुए घायल हो गया. थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां नाजुक स्थिति पाकर डॉक्टरों ने युवक को गोरखपुर रेफर कर दिया. गोरखपुर जाने के क्रम में घायल युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान काला मटिहनिया निवासी छोटेलाल बैठा के 22 वर्षीय पुत्र रामप्रीत बैठा के रूप में की गयी. घटना की खबर मिलते ही पिता छोटेलाल बैठा व माता रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं, पत्नी को पति की मौत की खबर मिलते ही बेसुध हो गयी. मृतक को एक साल की बेटी सुहानी कुमारी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया.

फुलवरिया में महिला की मौत पर मचा कोहराम

फुलवरिया. फुलवरिया थाने के बिरछा बथुआ गांव में होली की देर शाम एक बाइक सवार युवक ने घर के सामने सड़क के किनारे बैठीं दो महिलाओं को ठोकर मार दी. इसमें एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया. मृत महिला की पहचान बिरछा बथुआ गांव के निवासी स्व. ठाकुर चौहान की 65 वर्षीया पत्नी बाटुली देवी थी. मौत के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया. उधर घायल महिला की पहचान बिरछा बथुआ गांव के निवासी प्रदीप चौहान की पत्नी पूजा देवी हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया में भर्ती कराया गया. वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया. घायल महिला जिंदगी की जंग लड़ रही हैं. वहीं, पुलिस ने आरोपित युवक शुक्रवलिया गांव के निवासी दीना चौधरी के पुत्र मनु चौधरी को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली है.

विजयीपुर में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत

विजयीपुर. होली के दिन देवरिया से दवा लेकर अपने घर लौट रही एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के फरुसहा गांव के अलाउद्दीन अंसारी की 45 वर्षीया पत्नी हफीजुन नेशा शनिवार की शाम देवरिया से अपना इलाज करा कर एक टेंपो से अपने गांव के नजदीक पहुंची. टेंपो से उतर कर जाने का प्रयास कर ही रही थी कि तेज गति से पहुंचे बाइक चालक ने महिला को ठोकर मार दी. इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 घटनास्थल पर पहुंच घायल महिला को इलाज के लिए विजयीपुर सीएचसी लेकर गयी, जबकि बाइक और उसके चालक को पुलिस थाना लेकर चली गयी. वहीं, घायल महिला की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया. महिला को इलाज के लिए देवरिया ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

बैकुंठपुर में हुए सड़क हादसे में बच्ची की मौत

बैकुंठपुर. होली पर सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हो गयी. घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बखरी गांव की है. मृतका की पहचान अंशिका कुमारी के रूप में हुई, जो रंजीत मांझी की आठ वर्षीय पुत्री थी. पुलिस ने हादसे के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, हादसे के बाद चालक फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि बच्ची दरवाजे पर खेल रही थी, तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद शव का पाेस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, बच्ची की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GURUDUTT NATH

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

GURUDUTT NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन