रोड ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 26 May 2026 8:36 PM

विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद हुए हैं. पूछताछ में व्हाट्सऐप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकाने और पीएलएफआई से जुड़े होने की बात सामने आई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

चाईबासा से सुनील सिन्हा की रिपोर्ट

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इससे पहले तीनों को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में संजू भोगता (23) निवासी बेड़ाकुंदुदा, कृष्णा भोगता (27) निवासी कुदाहांसदा और संजय साय (36) निवासी हारता शामिल हैं. तीनों आनंदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

एसडीपीओ बहामन टुटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 मई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे आनंदपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी ईचिंडा से गोयराबेड़ा के बीच सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने के लिए इलाके में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगे आरोपी

गठित पुलिस टीम सुबह करीब 8:20 बजे बुरूईचिंडा से गोयराबेड़ा जाने वाली कच्ची सड़क स्थित जंगल के पास पहुंची. इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर सामने से आ रहे दो युवक अचानक जंगल की ओर भागने लगे. पुलिस जवानों और अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया. पूछताछ में दोनों ने अपना नाम संजू भोगता और कृष्णा भोगता बताया.

पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद

तलाशी के दौरान संजू भोगता के कमर से मैगजीन सहित एक पिस्टल बरामद हुई. साथ ही उसके पास से तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल भी मिले. बरामद पिस्टल में एक जिंदा और एक मिस फायर कारतूस लगा हुआ था. वहीं कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया. पुलिस ने जब हथियार और कारतूस के संबंध में पूछताछ की तो दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए.

व्हाट्सऐप कॉल से ठेकेदारों को देते थे धमकी

सख्ती से पूछताछ करने पर संजू भोगता ने पुलिस को बताया कि वे लोग व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से ठेकेदारों को लेवी के लिए धमकी देते थे. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले पीएलएफआई से जुड़ा हुआ था. पुलिस के अनुसार आरोपी सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को धमकाने और लेवी वसूलने के इरादे से ही वहां पहुंचे थे. इसके बाद पुलिस ने हथियार, कारतूस और मोबाइल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आनंदपुर थाना क्षेत्र के हारता निवासी संजय साय को भी 25 मई की रात गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. पुलिस ने इस मामले में आनंदपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

पहले भी कई मामलों में शामिल रहे आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार संजू भोगता 9 फरवरी 2026 को रोबोकेरा में सड़क निर्माण कार्य में लगी वैष्णवी इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के वाहनों को जलाने की घटना में भी शामिल था. इस मामले में आनंदपुर थाना में पहले से केस दर्ज है. संजय साय के खिलाफ आनंदपुर थाना में सीएलए एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पुराने मामले दर्ज हैं. वहीं संजू भोगता के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत कई केस चल रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने जीता ग्रामीणों का दिल, जमीन पर बैठकर किया भोजन

छापेमारी दल में शामिल थे कई अधिकारी

इस कार्रवाई में आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार, सब इंस्पेक्टर सुबोध कुमार गौतम, थाना के चालक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा.

इसे भी पढ़ें: दलित टोला को उजाड़ने की साजिश के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, अंचल कार्यालय पर किया प्रदर्शन

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola