ePaper

चनावे जेल से कुख्यात विशाल सिंह, विवेक पुरी, बुची सिंह और मुन्ना मिश्रा समेत 29 कैदियों को भेजा गया सेंट्रल जेल

Updated at : 16 Apr 2024 11:05 PM (IST)
विज्ञापन
Lawrence Bishnoi

लोकसभा चुनाव से पहले गोपालगंज जेल में बंद कुख्यात अपराधियों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. चनावे जेल में बंद 29 कुख्यात अपराधियों को पुलिस की रिपोर्ट पर मंगलवार को सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया.

विज्ञापन

गोपालगंज. लोकसभा चुनाव से पहले गोपालगंज जेल में बंद कुख्यात अपराधियों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. चनावे जेल में बंद 29 कुख्यात अपराधियों को पुलिस की रिपोर्ट पर मंगलवार को सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया. कड़ी सुरक्षा के बीच भागलपुर और बक्सर सेंट्रल जेल में भेजा गया है. जेल सूत्रों की मानें, तो इनमें कुख्यात विशाल सिंह, विवेक पुरी, बुची सिंह, भू माफिया योगेंद्र पंडित, ड्रग्स पैडलर गणेश चौरसिया, माले नेता जितेंद्र पासवान, लाल बच्चन सहनी, सद्दाम नट और मुन्ना मिश्रा भी शामिल हैं. जेल प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा के बीच सेंट्रल जेल में सभी चिन्हित कैदियों को शिफ्ट कराया गया है. इधर, कैदियों के सेंट्रल जेल में शिफ्ट होने की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में उनके सगे-संबंधी और परिजनों की भीड़ जुट गयी. मंगलवार को कई कैदियों के परिजन कोर्ट परिसर में चक्कर लगाते हुए दिखे. बता दें कि दो सप्ताह पूर्व पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की ओर से जेल में बंद कुख्यात कैदियों की सूची तैयार करायी गयी थी, जिनसे चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की आशंका थी. बता दें कि गोपालगंज सुरक्षित संसदीय सीट पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है.

जेल से गड़बड़ी फैलाने की थी आशंका :

चनावे जेल से कुख्यात अपराधियों के द्वारा लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की आशंका थी. पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार जिलाधिकारी मोहम्मद मकसूद आलम के नेतृत्व में पिछले सप्ताह आधी रात को करीब चार घंटे तक छापेमारी चली. छापेमारी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ, क्योंकि पहले ही जेल में अधिकारियों की छापेमारी की खबर लीक हो गयी थी. छापेमारी के बाद कुख्यात कैदियों को चिह्नित कर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया.

जेल में डॉक्टर की हुई थी हत्या :

जिला मुख्यालय के कचहरी परिसर से गोपालगंज मंडल कारा को गृह विभाग के निर्देश पर चनावे में स्थानांतरित किया गया. चनावे में जेल स्थानांतरित होने के कुछ साल बाद ही सुर्खियों में आ गया. यहां तैनात डॉक्टर भूदेव सिंह की 29 जून 2011 को कुख्यात कैदियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. डॉक्टर की हत्या के बाद चनावे जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गयी. गृह विभाग के निर्देश पर जेल की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन