राजस्थान से आए दूल्हों को बिहारी दुल्हन ने लगाया लाखों का चूना, जानिए कैसे बनाई शिकार
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 28 Feb 2026 4:13 PM
दूल्हों के साथ लुटेरी दुल्हन
Bihar News: राजस्थान से शादी करने बिहार के गोपालगंज पहुंचे दो दूल्हों के साथ बड़ा धोखा हो गया. सात फेरे लेने के कुछ घंटे बाद ही दोनों दुल्हन गहने और नकदी लेकर बाइक से फरार हो गईं. पुलिस ने एक आरोपी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है.
Bihar News: राजस्थान से शादी करने बिहार पहुंचे दो दूल्हों के साथ बड़ा धोखा हो गया. रात में धूमधाम से शादी हुई, सात फेरे लिए गए. लेकिन अगली ही शाम दोनों दुल्हन गहने और लहंगा लेकर फरार हो गईं. अब दूल्हे हाथों की मेहंदी दिखाकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
एजेंट के जरिए तय हुई थी शादी
राजस्थान के अंकित शर्मा और प्रिंस की शादी एक एजेंट की मदद से तय हुई थी. अंकित के भाई अनुराग शर्मा ने बताया कि इस पूरे खेल के पीछे एक संगठित गिरोह काम करता है. यह गिरोह उन कुंवारे लड़कों को निशाना बनाता है, जिनकी शादी नहीं हो पा रही होती.
अनुराग के मुताबिक, अंकित के साथ काम करने वाले संजय सैनी ने बिहार में लड़की मिलने का भरोसा दिलाया. उसने कहा कि गरीब परिवार है, बस शादी का खर्च लड़के वालों को उठाना होगा. भरोसा कर परिवार तैयार हो गया.
5 लाख रुपए और गहनों की डील
दोनों भाइयों की शादी के लिए करीब 5 लाख रुपए दिए गए. इसमें 3 लाख के गहने शामिल थे. होटल, खाने और अन्य खर्च भी लड़के वालों ने ही उठाए. 23 फरवरी को गोपालगंज में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. लड़की वालों ने कहा कि गहने और लहंगा दुल्हन के पास ही रहेंगे. बस में बैठने के बाद उतार लेना.
होटल से ही शुरू हुआ शक
शादी से एक दिन पहले होटल में कई संदिग्ध लड़के-लड़कियां आते-जाते दिखे. लेकिन परिवार ने इसे नजरअंदाज कर दिया. शादी की रस्में दोपहर तक पूरी हुईं. इसके बाद विदाई की तैयारी शुरू हुई. जब बस स्टैंड के लिए ई-रिक्शा से निकले तो कुछ बाइक सवार पीछे-पीछे आने लगे. पूछने पर उन्होंने खुद को लड़की पक्ष का बताया.
बस स्टैंड के पास हुआ बड़ा धोखा
छपरा-सीवान हाईवे के पास जब दूल्हे बस पकड़ने पहुंचे, तभी तीन बाइक सवार वहां पहले से खड़े थे. जैसे ही रिक्शा रुका, दोनों दुल्हन उतरीं और सीधे बाइक पर बैठ गईं. कुछ ही सेकेंड में दोनों फरार हो गईं. दूल्हे देखते रह गए. आरोप है कि होटल के कुछ लोगों ने चाकू और डंडे दिखाकर उन्हें डराया भी.
पुलिस की कार्रवाई, एक दुल्हन गिरफ्तार
मामला दर्ज होने के बाद गोपालगंज पुलिस ने जांच शुरू की. नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर के अनुसार, दो में से एक दुल्हन दुर्गावती उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया गया है. दूसरी खुशबू की तलाश जारी है. दुर्गावती के पास से कुछ गहने बरामद हुए हैं. जांच में पता चला कि वह बरौली बाजार में एक ऑर्केस्ट्रा में काम करती है. पूछताछ में उसने बताया कि पैसे के लालच में यह शादी रचाई गई थी.
गिरोह की तलाश में पुलिस
पुलिस अब शादी कराने वाली महिला दलाल और अन्य लोगों की तलाश कर रही है. यह भी जांच हो रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और पैसे का बंटवारा कैसे हुआ. फिलहाल दोनों दूल्हे न्याय की आस में पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं. उनके हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी, लेकिन सपने जरूर टूट गए.
Also Read: मधुबनी की धरती से निकलेगा मिथिला का 2000 साल पुराना इतिहास, अब यहां पर होगी खुदाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










