बिना लाइसेंस सरस्वती पूजा की, तो मिलेगा पुलिसिया ''प्रसाद''

Updated:
विज्ञापन

गया: सरस्वती पूजा के नाम पर सड़कों पर मूर्ति स्थापित कर रात में शराब पीकर अश्लील गानों पर नौटंकी करनेवालों पर इस बार सख्ती रहेगी. ऐसे युवकों को चिह्नित कर पुलिस उनके विरुद्ध ठोस कार्रवाई करेगी. इस बाबत पुलिस लाइन में शुक्रवार को एसएसपी गरिमा मलिक ने सिटी एसपी रवि कुमार व आइपीएस (प्रशिक्षु) अधिकारी […]

विज्ञापन
गया: सरस्वती पूजा के नाम पर सड़कों पर मूर्ति स्थापित कर रात में शराब पीकर अश्लील गानों पर नौटंकी करनेवालों पर इस बार सख्ती रहेगी. ऐसे युवकों को चिह्नित कर पुलिस उनके विरुद्ध ठोस कार्रवाई करेगी. इस बाबत पुलिस लाइन में शुक्रवार को एसएसपी गरिमा मलिक ने सिटी एसपी रवि कुमार व आइपीएस (प्रशिक्षु) अधिकारी विपिन कुमार जैन की मौजूदगी में सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर व थानाध्यक्षों के साथ बैठक की.

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि आये दिन देखने को मिलता है कि धार्मिक आयोजनों के मौके पर रात के समय नशेड़ी व जुआरी युवकों द्वारा डीजे का प्रयोग कर अश्लील गाना बजाया जाता है. साथ ही, अमर्यादित डांस कर घंटों नौटंकी की जाती है. इस व्यवहार से मुहल्लेवासियों के साथ-साथ उस राह से गुजरनेवाली महिलाएं असहज महसूस करती हैं. कभी-कभार नशे में युवक मारपीट भी कर लेते हैं.

डीजे बजाने के कारण मुहल्लेवासियों को दो-तीन दिनों तक रात में सोना मुहाल हो जाता है. एसएसपी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन करनेवाले नशेड़ी युवकों के पास मूर्ति विसर्जन करने का कोई टाइम-टेबुल नहीं होता है. जब मन हुआ मूर्ति का विर्सजन करने चल दिये. किस रूट से मूर्ति विर्सजन का जुलूस जायेगा, यह भी निर्धारित नहीं होता है. इससे कई बार विधि-व्यवस्था प्रभावित हो जाती है.

देनी होगी पूरी जानकारी : एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र का सर्वे कर लें और पता लगायें कि सरस्वती पूजा के दौरान कहां-कहां प्रतिमा स्थापित की जाती है. उनके आयोजकों के साथ बैठक कर प्रतिमा स्थापित करने से संबंधित थाने से लाइसेंस लेने की अपील करें. उस लाइसेंस में इसका जिक्र हो कि इसके आयोजक कौन-कौन हैं. उनका फोटो, पता व मोबाइल फोन नंबर का भी पूरा विवरण ले. साथ ही, आयोजक से स्पष्ट जानकारी लें कि मूर्ति कब और कहां स्थापित होगी और कब तक स्थापित रहेगी. मूर्ति का विसर्जन कब और कहां होगा. साथ ही, मूर्ति विसर्जन का जुलूस किस रास्ते से गुजरेगा. एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि स्कूल हो या कॉलेज, हर आयोजक से संपर्क कर लाइसेंस लेने की अपील करेंगे.
प्रशासनिक अधिकारियों से बनाएं समन्वय : एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि कुछ ही महीनों में पंचायत चुनाव होने हैं. उससे सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर जिला प्रशासन के अधिकारियों से तालमेल बैठा कर कार्ययोजना बनायें.
इंटर व मैट्रिक परीक्षा में नकल रोकने के लिए शुरू करें तैयारी
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि विगत वर्षों में इंटर व मैट्रिक की परीक्षा के दौरान हुए कदाचार से प्रशासनिक महकमे की जम कर किरकिरी हुई है. भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों, इस बाबत अभी से ही सुरक्षा से संबंधित तैयारी शुरू कर दें. परीक्षा केंद्रों के चारों ओर एसडीओ द्वारा धारा-144 लगा दिया जायेगा, ताकि 200 मीटर के दायरे में कोई भी बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सके.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन