Darbhanga News: डीएमसीएच के इमरजेंसी व ओपीडी जाने वाले रोड पर दिन भर रहती जाम की स्थिति
Published by : PRABHAT KUMAR Updated At : 08 Oct 2025 10:35 PM
Darbhanga News:दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के नये सर्जरी बिल्डिंग में संचालित इमरजेंसी एवं ओपीडी जाने वाला रास्ता इन दिनों जाम की समस्या से जूझ रहा है.
Darbhanga News: दरभंगा. दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के नये सर्जरी बिल्डिंग में संचालित इमरजेंसी एवं ओपीडी जाने वाला रास्ता इन दिनों जाम की समस्या से जूझ रहा है. दिनभर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है. संकड़ा मार्ग के कारण दो वाहन आमने-सामने आ जाने से जाम की स्थिति बन जाती है. इससे इमरजेंसी व ओपीडी आने- जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थिति यह है कि एंबुलेंस तक को रास्ता बनाने में मुश्किल होती है. विदित हो कि रोजाना ओपीडी में सैकड़ों मरीज चिकित्सकीय परामर्श के लिये आते हैं.
सड़क के दोनों तरफ जलजमाव से बढ़ गयी समस्या
सर्जरी बिल्डिंग की ओर जाने वाला यह मार्ग पहले से ही कम चौड़ा था. बारिश के बाद सड़क के दोनों किनारों पर पानी जमा हो जाने से हालत और खराब हो गई है. जलजमाव के कारण पैदल चलना तक दूभर हो जाता है. मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर अस्पताल के अंदर तक पहुंचाने में परिजन और कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है. कई बार जाम की वजह से आपातकालीन मरीजों को देर तक इंतजार करना पड़ता है. इससे इलाज में भी बाधा आती है.
बाहर से आने वाले वाहनों की भीड़
अस्पताल परिसर में वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. नई सर्जरी बिल्डिंग के पास बाहर से आने वाले वाहनों की भीड़ रहती है. एक वाहन के निकलने के बाद ही दूसरे को रास्ता मिल पाता है. इससे ट्रैफिक जाम का सिलसिला पूरे दिन जारी रहता है.
कहतीं हैं अधीक्षक
सड़क के चौड़ीकरण को लेकर जिला प्रशासन व बीएमएसआइसिल (बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्राक्स्ट्रचर कारपोरेशन लिमिटेड) से कहा गया है. विभाग को भी कई बार पत्र लिखा जा चुका है. अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. समस्या के समाधान की कोशिश की जायगी, ताकि मरीज व परिजनों को आवागमन में दिक्कत नहीं हो.
डॉ शीला कुमारी, अधीक्षकडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










