सरायकेला-खरसावां में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन की मजबूती का मंत्र

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 30 May 2026 5:20 PM

विज्ञापन

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन कार्यकर्ताओं को संबोधित करते झारख्ंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा. फोटो: प्रभात खबर

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां में भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ. पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती, राष्ट्रवाद और 2027 पंचायत चुनाव की तैयारी का मंत्र दिया. कार्यक्रम में भाजपा की विचारधारा, कार्यपद्धति, सोशल मीडिया और जनसंपर्क पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया.

विज्ञापन

सरायकेला खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट

Seraikela News: भारतीय जनता पार्टी की सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी की ओर से शनिवार को खरसावां स्थित आकर्षणी गेस्ट हाउस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हुई. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. प्रशिक्षण वर्ग में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.

वंदे मातरम् और माल्यार्पण के साथ हुआ शुभारंभ

प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ की गई. इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ. उद्घाटन सत्र में उपस्थित नेताओं ने भाजपा की वैचारिक विरासत और संगठनात्मक मूल्यों पर प्रकाश डाला.

अर्जुन मुंडा ने संगठन की भूमिका पर रखे विचार

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, लेकिन सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक चुनौतियां अभी भी देश के सामने मौजूद हैं. इन चुनौतियों का मुकाबला मजबूत राष्ट्रवाद, संगठनात्मक शक्ति और जनता के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से ही किया जा सकता है.

मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख

अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, आत्मनिर्भर भारत अभियान, गरीब कल्याण योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. साथ ही उन्होंने पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने और ग्रामीण स्तर तक संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का आह्वान किया.

पहले दिन आठ विषयों पर हुए प्रशिक्षण सत्र

दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन कुल आठ सत्र आयोजित किए गए. इन सत्रों में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कार्यकर्ता दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया. वरीय नेता एवं जिला वर्ग प्रभारी केके गुप्ता ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा की मूल विचारधारा, राष्ट्रवाद और संगठन के सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी. वहीं सुबोध सिंह गुड्डू ने “भाजपा की कार्यपद्धति” विषय पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन और कार्यकर्ता आधारित संगठन की विशेषताओं को समझाया.

सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रशिक्षण

कार्यक्रम में मनोज सिंह ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखे, जबकि ज्ञान प्रकाश ने सोशल मीडिया, नमो एप और सरल एप के प्रभावी उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को मजबूत करने के टिप्स दिए. प्रदेश महासचिव गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और समाज के हर वर्ग के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया.

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

डॉ. सीमा सिंह ने भाजपा की व्यावहारिक कार्यशैली, जनसंपर्क अभियान और सामाजिक संवाद के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया. भाजपा नेताओं ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य केवल राजनीतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना भी है.

इसे भी पढ़ें: रिम्स के पीजी छात्र डॉ सानु सनल बरवार की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

जिले भर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अवसर पर प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, विजय महतो, रामानाथ महतो, राकेश मिश्रा, सारथी महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन अगले दिन विभिन्न विषयों पर विशेष सत्रों के साथ होगा.

इसे भी पढ़ें: चतरा के सिमरियों में अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दो मोबाइल जब्त

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola