Darbhanga News: मिथिला विश्वविद्यालय में दो दिनों में होगा करीब नौ लाख कॉपी एवं असाइनमेंट का मूल्यांकन

Edited by PRABHAT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Darbhanga News:लनामिवि की ओर से स्नातक तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2023-27) के छात्रों की आन्तरिक परीक्षा को लेकर उन कॉलेजों में अफरातफरी है, जहां डिग्री पार्ट थ्री (सत्र 2022-25) की परीक्षा का केंद्र बनाया गया है.

विज्ञापन

Darbhanga News: प्रवीण कुमार चौधरी, दरभंगा. लनामिवि की ओर से स्नातक तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2023-27) के छात्रों की आन्तरिक परीक्षा को लेकर उन कॉलेजों में अफरातफरी है, जहां डिग्री पार्ट थ्री (सत्र 2022-25) की परीक्षा का केंद्र बनाया गया है. बता दें कि विवि क्षेत्राधीन अंगीभूत एवं संबद्ध कुल 80 कॉलेज हैं. इनमें से 48 कॉलेजों पर परीक्षा हो रही है. इस बीच विवि ने स्नातक थर्ड सेमेस्टर के सभी विषयों की आंतरिक परीक्षा 11 से 22 अप्रैल तक घोषित कर दी थी. साथ ही आंतरिक परीक्षा का अंक 25 अप्रैल तक विवि के पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दे रखा है. इस आदेश ने परीक्षा केंद्र वाले उन 48 कालेजों के सामने समस्या खड़ी कर दी है. डिग्री पार्ट थर्ड के सैद्धांतिक पत्रों की परीक्षा 19 अप्रैल को समाप्त हो रही है. 20 अप्रैल को रविवार के साप्ताहिक अवकाश के साथ ही शहर के अंगीभूत कालेजों में पीएचडी एडमिशन टेस्ट आयोजित है. बताया जाता है कि सत्र नियमित करने की चाहत में विश्वविद्यालय ने क्षमता पर ध्यान नहीं दिया है.

दो दिनों में छात्र देंगे छह पत्र की परीक्षा!

इस तरह से आंतरिक परीक्षा लेने के लिए इन कालेजों के पास महज दो दिन यानी 21 एवं 22 अप्रैल बच जाता है. इन दो दिनों में एमजेसी का दो पत्र, एमआइसी, एइसी, एमडीसी, एसइसी का एक-एक यानी छह पत्रों की परीक्षा होनी है. साथ ही इसी दो दिनों में कापी का मूल्यांकन किया जाना है. उपर से इन छह पत्रों के असाइनमेंट का मूल्यांकन भी करना है. फिर प्राप्तांक को विवि के पोर्टल पर अपलोड किया जाना है.

डिग्री थर्ड सेमेस्टर में 1.23 लाख छात्र

बताया जाता है कि इस सत्र में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय के अंगीभूत व संबद्ध 80 कालेजों में करीब 1.59 लाख छात्र हैं. इसमें से करीब 1.23 लाख छात्र- छात्रा परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा केंद्र बनाये जाने के कारण निर्देश से 48 कॉलेज विशेष रूप से प्रभावित है. इस तरह से इन कॉलेजों में लगभग 73800 छात्र-छात्रा को दो दिनों में छह पत्रों की परीक्षा देनी है. छह पत्रों की परीक्षा देने पर कुल कॉपी की संख्या लगभग 4.43 लाख होती है. इतनी ही संख्या असाइनमेंट की होगी. इस तरह से करीब नौ लाख कॉपी एवं असाइनमेंट का मूल्यांकन इन कॉलेजों के प्राध्यापकों द्वारा दो दिनों में कर लेना चमत्कार से कम नहीं बताया जा रहा है. प्रायोगिकी विषय वाले छात्रों को तो दो अतिरिक्त पत्रों की भी परीक्षा देनी होगी. इसकी संख्या अगर जोड़ी जाय तो मूल्यांकन के लिए इन कॉलेजों में कापी की संख्या करीब छह लाख होगी. मूल्यांकन के बाद प्राप्तांक 25 अप्रैल से पहले विवि के पोर्टल पर अपलोड करना है. बता दें कि प्राप्तांक अपलोड होने के बाद ही छात्र परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. विवि ने परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 25 अप्रैल से जारी की है. छात्र छात्राओं की आंतरिक परीक्षा का अंक जब तक विवि के पोर्टल पर अपलोड नहीं होगा, तब तक वे परीक्षा फार्म भी नहीं भर सकेंगे.

परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि परीक्षा आयोजन में कठिनाई को लेकर किसी कॉलेज से अबतक शिकायत नहीं मिली है. सभी कॉलेजों को समय से परीक्षा आयोजन का निर्देश है. परीक्षा कैसे ली जायेगी, यह कॉलेज को तय करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन