गुमला में डबल मर्डर से सनसनी! कलयुगी बेटे को पिता ने टांगी से काटा, अकेली वृद्ध महिला की हत्या
गुमला में डबल मर्डर
Gumla Crime News: गुमला के रायडीह में शनिवार को दो हत्याएं हुईं. करीडा गांव में पिता अरुण लोहरा ने शराबी बेटे रमेश की टांगी से काटकर हत्या कर दी. वहीं परसा गांव में भी वृद्ध महिला का मर्डर हुआ.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla Crime News, गुमला : गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दो अलग-अलग गांवों में हुई हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. इन दोनों सनसनीखेज घटनाओं के बाद ग्रामीण डरे और सहमे हुए हैं. पहली खौफनाक वारदात में जहां एक लाचार पिता ने अपने ही सगे जवान बेटे पर टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया, वहीं दूसरी घटना में अज्ञात अपराधियों ने एक 70 साल की बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी. दोनों ही मामलों की भनक लगते ही रायडीह थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
पिता ने सोते समय बेटे पर टांगी से किया वार
पहली घटना सिकोई पंचायत के करीडा गांव की है. यहां 67 वर्षीय पिता अरुण लोहरा ने अपने ही 47 वर्षीय पुत्र रमेश केरकेट्टा की टांगी से काटकर हत्या कर दी. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पिता अरुण लोहरा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए एक दर्दनाक कहानी बयां की. उसने बताया कि उसका बेटा रमेश पिछले लंबे समय से शराब और नशे का घोर आदी हो चुका था. वह कोई काम-धंधा नहीं करता था और आए दिन नशे में धुत होकर अपने बूढ़े पिता के साथ गाली-गलौज, मारपीट करता था. बीते शुक्रवार की शाम को भी रमेश ने शराब के नशे में अपने पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे बुजुर्ग पिता मानसिक रूप से बेहद आहत और गुस्से में था. रात के वक्त जब रमेश गहरी नींद में सो रहा था, तभी पिता ने रोज रोज की परेशानी से मुक्ति पाने के लिए भारी टांगी उठाई और उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण रमेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. शनिवार की सुबह जब ग्रामीणों को घर में लहूलुहान शव दिखा, तब मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई. रायडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है और हत्यारे पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है.
Also Read: चाईबासा में दबंगई: पुलिस को पता बताने पर वार्ड पार्षद को सरेआम पीटा, चांदी की चेन लूटकर फरार
परसा गांव में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला का मर्डर
वहीं, दूसरी खौफनाक घटना भी रायडीह थाना क्षेत्र के ही परसा गांव से सामने आई है, जहां 70 वर्षीय फगनी उरांव (पति स्वर्गीय सोमा उरांव) नाम की एक वृद्ध महिला की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी. मिली जानकारी के अनुसार, फगनी उरांव के पति की मौत हो चुकी थी और वह गांव के घर में बिल्कुल अकेली रहती थी. रोजाना की तरह शुक्रवार की रात भी उन्होंने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चली गईं. शनिवार की सुबह जब काफी देर होने के बाद भी उनके घर का दरवाजा नहीं खुला और वह बाहर नहीं निकलीं, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ. पड़ोसी जब आवाज देते हुए उनके घर के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. बिस्तर पर फगनी उरांव मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं. स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका के चेहरे पर किसी भारी वस्तु या हथियार से मारे जाने के गहरे और गंभीर निशान थे, जिससे साफ है कि अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला किया था. सूचना मिलते ही रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ परसा गांव पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है. बुजुर्ग महिला की हत्या किसने और किस इरादे से की, इसका सुराग लगाने में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.
Also Read: Dhanbad: हेलमेट थीम पर बना नया ट्रैफिक पोस्ट, बोले एसएसपी – हेलमेट पहनना सुरक्षा की पहली शर्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










