दरभंगा: टोटो के नीचे दबकर 8 साल के मासूम की मौत, गांव में नहीं जला चूल्हा
Published by : Aniket Kumar Updated At : 12 Jun 2026 11:06 AM
शव का प्रतीकात्मक फोटो
Darbhanga News: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में टोटो पलटने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. सड़क किनारे खड़ा मासूम वाहन के नीचे दब गया. इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया. परिवार में मातम पसरा है. पढे़ं पूरी खबर…
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से सुधीर कुमार चौधरी की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. मिस्सी गांव में गुरुवार देर शाम एक अनियंत्रित टोटो पलट जाने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
सड़क किनारे खड़ा था बच्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव का एक युवक घर के पास ही टोटो घुमा रहा था. इसी दौरान सड़क पर रखी मक्के की बालियों पर टोटो का पहिया चढ़ गया. संतुलन बिगड़ते ही वाहन पलट गया. उसी समय सड़क किनारे खड़ा आठ वर्षीय पुरुषोत्तम चौपाल उसकी चपेट में आ गया और टोटो के नीचे दब गया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने बच्चे को बाहर निकाला और इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया. हालांकि दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक पुरुषोत्तम चौपाल मिस्सी गांव निवासी शत्रुघ्न चौपाल का पुत्र था. बताया जा रहा है कि वह चार बहनों का इकलौता भाई था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस को दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










