दरभंगा: नवसृजित डिग्री कॉलेजों में प्रिंसिपलों और बर्सरों के तबादले पर रोक, राजभवन ने जारी किया कड़ा निर्देश

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Darbhanga News: नवसृजित डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से सत्र शुरू करने के लिए राजभवन ने प्रधानाचार्यों और बर्सरों के तबादलों पर रोक लगा दी है.वहीं एबीवीपी के शिविर में छात्राएं हुनर सीख आत्मनिर्भर बन रही हैं. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा से सतीश कुमार की रिपोर्ट

Darbhanga News: नवसृजित डिग्री कॉलेजों में आगामी एक जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने जा रहा है.इस बीच इन कॉलेजों में पदस्थापित प्रधानाचार्यों (प्रिंसिपलों) एवं बर्सरों के स्थानांतरण अथवा पदस्थापन स्थल परिवर्तन संबंधी आवेदनों पर राज्यपाल सचिवालय ने पूरी तरह रोक लगा दी है.कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह द्वारा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) सहित बिहार के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को इस संबंध में एक कड़ा पत्र भेजा गया है.

तबादले के लिए आवेदन करना दुर्भाग्यपूर्ण 

राजभवन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि नवसृजित डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को निर्धारित समय पर सुचारु रूप से शुरू करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों की पूर्ण प्रतिबद्धता तथा संस्थागत सहयोग अत्यंत आवश्यक है.ऐसे महत्वपूर्ण समय में अधिकारियों द्वारा स्थानांतरण अथवा कार्यस्थल परिवर्तन के लिए आवेदन प्राप्त होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.निर्देश के अनुसार अगले आदेश तक किसी भी स्तर पर ऐसे आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.

सर्जना निखार शिविर के जरिए हुनरमंद बन रहीं छात्राएं 

दूसरी तरफ, दरभंगा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन ‘सर्जना निखार शिविर’ के तीसरे दिन छात्राओं को उन्नत एवं व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया.शिविर में प्रतिभागियों ने योग, कंप्यूटर, ब्यूटीशियन, स्पोकन इंग्लिश, फाइन आर्ट तथा संगीत की विशेष कक्षाओं में उत्साह के साथ भाग लिया.

छात्राओं ने सीखे स्वरोजगार और रचनात्मकता के गुर 

योग प्रशिक्षिका शिवानी कुमारी ने छात्राओं को योगासन सिखाए, जबकि कंप्यूटर वर्ग में राहुल सिंह ने इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी.ब्यूटीशियन प्रशिक्षण में कुमारी ईशा ने स्वरोजगार और स्पोकन इंग्लिश वर्ग में एके झा ने अंग्रेजी संवाद का अभ्यास कराया.फाइन आर्ट वर्ग में प्रियंका कुमारी, नूतन कुमारी एवं रिंकू राय के मार्गदर्शन में छात्राओं ने कछुए का चित्र बनाया.वहीं संगीत वर्ग में सुमन सिंह एवं सुमन मंडल ने गिटार संग गायन की बारीकियां सिखाईं.शिविर की आयोजक शालिनी कुमारी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का विकास करना है.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन