दरभंगा: बाबा कुशेश्वरनाथ के दर्शन करने आया युवक शिवगंगा में डूबा, मौत
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान के शिवगंगा पोखर में स्नान के दौरान समस्तीपुर निवासी 21 वर्षीय युवक संतोष साह की डूबने से मौत हो गई. चार घंटे बाद शव बरामद हुआ. युवक की 29 जून को शादी होने वाली थी. जानिए खबर विस्तार से...
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान स्थित शिवगंगा पोखर में सोमवार को स्नान के दौरान डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी स्व. राजेंद्र साह के 21 वर्षीय इकलौते पुत्र संतोष साह के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद मछुआरों ने महाजाल की मदद से शव को पोखर से बाहर निकाला.
पूजा के बाद स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार संतोष साह अपने दोस्तों विवेक मुखिया और सुभाष साह के साथ बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे थे. पूजा के बाद तीनों शिवगंगा पोखर में स्नान करने उतरे. इसी दौरान संतोष और विवेक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. साथी सुभाष साह ने तत्परता दिखाते हुए विवेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन संतोष गहरे पानी में समा गया.
चार घंटे बाद महाजाल से मिला शव
सूचना मिलते ही कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने नाव के जरिए तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ को सूचना दी गई और केवटगामा से मछुआरों को बुलाया गया. महाजाल की मदद से करीब चार घंटे बाद युवक का शव बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया.
29 जून को होनी थी शादी
संतोष साह की शादी आगामी 29 जून को मधुबन निवासी गांधी साह की पुत्री आरती कुमारी के साथ तय थी. वह शादी की तैयारी के सिलसिले में डीजे बुक करने और बाबा कुशेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने आया था. शादी की खुशियां कुछ ही दिनों बाद मातम में बदल गईं. मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की जिम्मेदारी संतोष के कंधों पर थी. उसकी मां गीता देवी, बहनों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आक्रोश के बीच प्रशासन ने संभाला मोर्चा
शव मिलने में देरी होने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा थाना परिसर पहुंचकर विरोध जताया. मौके पर पहुंचे एसडीओ शशांक राज, बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. सीओ राकेश सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










