आरबी जालान इंटर कॉलेज में गलत लोगों के बीच बांट दिया था अनुदान का रुपया, अब कार्रवाई में मदन मोहन झा और अर्चना बजाज से होगी राशि की वसूली
रमावल्लभ जालान इंटर कॉलेज
R.B. Jalan Inter College, Sahila में 2016-18 के अनुदान वितरण में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने दोषी पाए गए तत्कालीन प्रधानाचार्य डॉ. महाकांत ठाकुर, मदन मोहन झा और अर्चना बजाज से राशि की वसूली का आदेश दिया है।
Darbhanga News: रमावल्लभ जालान इंटर कॉलेज, सहिला (सोनकी) में वर्ष 2016-18 के अनुदान वितरण में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. समिति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), दरभंगा को दोषी कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने और एक माह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है.
जांच में अनियमितता की पुष्टि
बीएसईबी के उप सचिव (कॉलेज स्थापना) की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट में अनुदान वितरण में गड़बड़ी प्रमाणित हुई है. इसके आधार पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश जारी किया गया है.
15 दिन में राशि वसूली का निर्देश
डीईओ ने 27 जुलाई को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) को जारी निर्देश में जांच प्रतिवेदन की अनुशंसा के आधार पर कॉलेज की शासी निकाय एवं प्रबंध समिति को भंग कर तदर्थ समिति गठित करने, तत्कालीन प्रधानाचार्य डॉ. महाकांत ठाकुर को पदमुक्त करने तथा मदन मोहन झा और अर्चना बजाज द्वारा नियमविरुद्ध प्राप्त अनुदान राशि की 15 दिनों के भीतर वसूली सुनिश्चित करने का आदेश दिया है.
यह कार्रवाई बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (उच्च माध्यमिक) संबद्धता विनियमावली-2011 के प्रावधानों के तहत की जा रही है.
कॉलेज के प्रशासनिक ढांचे में होगा बदलाव
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को अनुदान वितरण में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है. आदेशों का समय पर पालन होने पर कॉलेज के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है.
जानकारों का मानना है कि यह कार्रवाई अन्य संबद्ध कॉलेजों के लिए भी एक स्पष्ट संदेश है कि अनुदान वितरण में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें: एनएच-27 पर मोबाइल लूट गिरोह का पर्दाफाश, दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










