बक्सर में ठोरा नदी में रील बनाने के चक्कर में डूबे तीन किशोर, तीन घरों के बुझ गए चिराग
रील बनाने के चक्कर में डूबे तीन किशोर। फोटो- प्रभात खबर
Buxar News: बक्सर के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरस्ती गांव के पास ठोरा नदी में नहाने और मोबाइल पर रील बनाने के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई. परिजनों को बिना बताए चार दोस्त नदी पर गए थे, जहां गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ. किनारे खड़े चौथे दोस्त ने गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Buxar News (ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट): बक्सर जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरस्ती गांव में गुरुवार की दोपहर बाद एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया. गांव के पास से गुजर रही ठोरा नदी में नहाने के दौरान तीन किशोरों की पानी में डूबने से मौत हो गई. मृतकों में छठी कक्षा का छात्र समर कुमार शर्मा (13 वर्ष), नौवीं का छात्र कृष्णा कुमार राम (15 वर्ष) और धर्मवीर कुमार (14 वर्ष) शामिल हैं. बताया जाता है कि परिजनों को बिना बताए सरस्ती डेरा के रहने वाले ये चारों दोस्त ठोरा नदी में स्नान के लिए गए थे.
रील बनाने की मस्ती के दौरान गहरे पानी में समाए
नदी पर पहुंचने के बाद चारों किशोर नहाने के दौरान अपने मोबाइल से वीडियो और रील बना रहे थे. मस्ती के इसी आलम में तीन किशोर अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए और खुद को संभाल नहीं पाए. लिहाजा वे नदी में बनी गहरी खाई में समाने लगे. घटना के समय उनका चौथा दोस्त कल्याण शर्मा नदी के किनारे ही सुरक्षित खड़ा था. उसने बताया कि उसके तीनों दोस्त एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पानी में खेल रहे थे. इसी बीच अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे.
चौथे दोस्त ने बदहवास हालत में गांव भागकर दी सूचना
तैरना नहीं जानने के कारण किनारा पर खड़ा कल्याण अपने दोस्तों को बचा नहीं सका. अनहोनी को अपनी आंखों के सामने देख वह बदहवास हालत में दौड़कर गांव की तरफ भागा और ग्रामीणों को वहाँ के हालात से अवगत कराया. जानकारी मिलते ही चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और रोते-बिलखते परिजन तुरंत नदी किनारे पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों किशोर पानी में लापता हो चुके थे. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने भारी मशक्कत के बाद तीनों को गहरे पानी से बाहर निकाला.
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों किशोरों को मृत घोषित किया
नदी से बाहर निकाले जाने के बाद तीनों किशोरों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मोबाइल पर रील बनाने का यह छोटा सा शौक तीन पिताओं के बुझते चिराग और पूरे गांव के लिए कभी न भूलने वाला गहरा जख्म दे गया.
Also Read: बक्सर में खाद की कालाबाजारी पर DM सख्त, अब एक आधार कार्ड पर मिलेंगे अधिकतम 10 बैग यूरिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










