बक्सर से चोरी हुई स्कॉर्पियो सिवान में बरामद, शराब तस्करी में हो रहा था इस्तेमाल, छापेमारी में तस्कर गिरफ्तार
Published by : Ragini Sharma Updated At : 14 Jun 2026 1:26 PM
जब्त स्कॉर्पियो की तस्वीर
Buxar Liquor Ban: बक्सर से चोरी हुई स्कॉर्पियो करीब ढाई महीने बाद सिवान में बरामद हुई. उत्पाद विभाग ने वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब भी जब्त की है. कार्रवाई के दौरान तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब पूरे गिरोह और नेटवर्क की जांच में जुटी है.
Buxar Liquor Ban: (ओंकार नाथ मिश्र) बक्सर नगर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक स्कॉर्पियो गाड़ी को करीब ढाई महीने बाद सिवान जिला में उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ बरामद किया. इस दौरान मौके से शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जो चोरी की इस गाड़ी का उपयोग अवैध कारोबार में कर रहे थे.
नेहरू स्मारक हाई स्कूल के पास से हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढ़ी गांव निवासी अभय पांडेय वर्तमान में बक्सर शहर के मुसाफिरगंज (वार्ड संख्या-14) में नेहरू स्मारक हाई स्कूल के पास रहते हैं. बीते 31 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर के पास गली में खड़ी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी कर ली थी. घटना के बाद पीड़ित द्वारा आदर्श नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. हालांकि, लंबे समय तक वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
उत्पाद विभाग की नाकेबंदी में पकड़ी गई गाड़ी
चोरी के बाद से ही पुलिस वाहन की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान सिवान जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका. तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई. जब वाहन के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर का मिलान किया गया, तो यह वही स्कॉर्पियो निकली जो बक्सर से चोरी हुई थी.

शराब तस्करी में किया जा रहा था इस्तेमाल
मामले की पुष्टि करते हुए नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने गाड़ी चोरी करने के बाद उसे शराब माफियाओं को बेच दिया था या फिर स्वयं इस अवैध कारोबार में शामिल हो गए थे. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
बक्सर लाने की प्रक्रिया जारी
बरामद स्कॉर्पियो को बक्सर वापस लाने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी, बड़े नेटवर्क का खुलासा संभव
इस घटना के बाद पुलिस को शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है. लगातार की जा रही पूछताछ और जांच से इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










