बक्सर में गैस कटर से बैंक ऑफ इंडिया ATM काटकर लाखों ले उड़े बदमाश, बढ़ती वारदात से पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल
Published by : Ragini Sharma Updated At : 14 Jun 2026 1:51 PM
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस टीम की तस्वीर
Buxar Crime News: बक्सर में थाने के पास ATM काटकर लाखों रुपये की चोरी हुई. गैस कटर से वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए. लगातार दूसरी शनिवार को हुई घटना से पुलिस की गश्त पर सवाल उठे हैं. मामले की जांच में पुलिस और FSL टीम जुटी हुई है.
Buxar Crime News: (विनोद कुमार सिंह) बक्सर जिले के चौसा में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. मुफस्सिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ATM को शनिवार की रात गैस कटर से काटकर अपराधी लाखों रुपये लेकर फरार हो गए. इस घटना ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
गैस कटर से काटा ATM, CCTV को किया निष्क्रिय
जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे. सबसे पहले उन्होंने ATM के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके. इसके बाद गैस कटर की मदद से मशीन को काटा गया और कैश बॉक्स से लाखों रुपये निकालकर फरार हो गए. पुलिस को आशंका है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम है, जो पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
सूचना के बाद पहुंची पुलिस, FSL टीम जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. पुलिस ने ATM को सील कर दिया है और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. घटनास्थल से एक चादर बरामद हुई है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानते हुए जांच कर रही है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि बैंक से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं.

पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
चौसा में यह ATM चोरी की दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले 30 नवंबर 2025 की रात स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ATM को भी गैस कटर से काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी. हैरानी की बात यह है कि दोनों घटनाएं शनिवार की रात ही हुईं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
पुराना मामला अब तक अनसुलझा, लोगों में आक्रोश
करीब सात महीने बीत जाने के बाद भी SBI ATM चोरी मामले का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है. एक ही इलाके में एक ही तरीके से बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
जांच जारी, बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. लगातार हो रही इन घटनाओं से यह आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो ATM को निशाना बना रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










