बक्सर-इटाढ़ी रेलवे गुमटी फिर खुलेगी? विधायक आनंद मिश्रा ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन से की मुलाकात, मिला कार्रवाई का आश्वासन
फोटो रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को मांग पत्र सौंपते बक्सर सदर विधायक | Prabhat Khabar Network
बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन से मिलकर बंद पड़े एलसी गेट 70B/T को पुनः चालू करने की मांग की, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
Buxar News : बक्सर-इटाढ़ी रेलवे गुमटी पर बंद पड़े एलसी गेट नंबर 70B/T को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात की. विधायक ने चेयरमैन को मांग पत्र सौंपकर गुमटी बंद होने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की.
आपके शहर में
गुमटी बंद होने से हजारों लोगों की बढ़ी परेशानी
विधायक ने कहा कि रेलवे गुमटी बंद होने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों, किसानों और रोजाना काम पर जाने वाले मजदूरों को उठानी पड़ रही है. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है.
जनसमस्या को बताया गंभीर, जल्द समाधान की मांग
आनंद मिश्रा ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन के समक्ष इसे क्षेत्र की गंभीर जनसमस्या बताते हुए गुमटी को जनहित में पुनः चालू कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें उच्च स्तर तक मजबूती से पहुंचाकर समाधान कराना ही सच्ची जनसेवा है.
रेलवे बोर्ड ने दिया कार्रवाई का भरोसा
विधायक के मांग पत्र पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने सकारात्मक रुख अपनाया. उन्होंने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर देखने और जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों में गुमटी दोबारा खुलने की उम्मीद जगी है.
विधायक के प्रयास की लोगों ने की सराहना
गुमटी को दोबारा चालू कराने के लिए विधायक की ओर से रेलवे बोर्ड के स्तर पर पहल किये जाने की बक्सर के लोगों ने सराहना की है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि रेलवे बोर्ड की कार्रवाई के बाद जल्द ही एलसी गेट नंबर 70B/T को पुनः चालू किया जायेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए