बक्सर में बिजली विभाग को बड़ा झटका: सबस्टेशन में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

घटनास्थल की तस्वीर
Bihar News: बक्सर के राजपुर पावर सबस्टेशन में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग तेजी से फैलते हुए 10 एमबीए और 5 एमबीए क्षमता वाले दो बड़े ट्रांसफार्मरों तक पहुंच गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई.
Bihar News: (पंकज कमल की रिपोर्ट) बक्सर में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. आग जिले के राजपुर प्रखंड स्थित विद्युत पावर सबस्टेशन में लगी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सबस्टेशन में लगे 10 एमबीए और 5 एमबीए क्षमता वाले दो बड़े ट्रांसफार्मर इसकी चपेट में आ गए.
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा कारण
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे सबस्टेशन परिसर में शॉर्ट सर्किट हुआ. इसके बाद उठी चिंगारियां देखते ही देखते विकराल आग में बदल गईं. ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे ट्रांसफार्मर यार्ड को अपनी चपेट में ले लिया.
कर्मचारियों ने किया आग बुझाने का प्रयास
घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद लाइनमैन और ऑपरेटरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की. हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे पूरी तरह सफल नहीं हो सके. कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.
बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप
आग लगने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई. सुरक्षा को देखते हुए लोगों को सबस्टेशन के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है. बिजली बाधित होने से आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दमकल टीम को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. खबर लिखे जाने तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचने की प्रक्रिया में थीं. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
जांच में जुटा विभाग
बिजली विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.
Also Read:अरवल में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार का कहर, ऑटो और मैजिक वैन की टक्कर में दो की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










