अरवल में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार का कहर, ऑटो और मैजिक वैन की टक्कर में दो की मौत

Published by :Ragini Shamra
Published at :10 May 2026 2:23 PM (IST)
विज्ञापन
Road Accident

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Road Accident: अरवल के मेहंदिया थाना क्षेत्र में NH-139 पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. मधुश्रवां मोड़ के पास मजदूरों से भरा ऑटो तेज रफ्तार मैजिक वैन से टकरा गया. हादसे में दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन

Bihar Road Accident:अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-139 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे हो गया.घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई. जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए. हादसा मधुश्रवां मोड़ के समीप उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरा एक ऑटो सामने से आ रही तेज रफ्तार मैजिक वैन से टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

काम पर जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार आकोपुर गांव से मजदूर ऑटो पर सवार होकर मां कामाख्या कंस्ट्रक्शन कंपनी में अलकतरा पिचिंग का काम करने के लिए औरंगाबाद जिले के हसपुरा जा रहे थे. इसी दौरान मधुश्रवां मोड़ के पास सामने से आ रही मैजिक वैन से ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई. हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो मजदूरों की मौत, गांव में मातम

दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के मट्टूचक गांव निवासी 37 वर्षीय मिथलेश कुमार और 34 वर्षीय राजा बिंद के रूप में हुई है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

ऑटो काटकर निकाला गया घायल

घटना की सूचना मिलते ही मेहंदिया थाना अध्यक्ष चंदन कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया. एक व्यक्ति ऑटो में बुरी तरह फंस गया था, जिसे ग्रेडर मशीन से ऑटो काटकर बाहर निकाला गया.

तीन घायल पीएमसीएच रेफर

सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया. वहीं अन्य चार घायलों का इलाज सदर अस्पताल अरवल में चल रहा है.

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद एनएच-139 पर लंबा जाम लग गया और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.

Also Read: आरा-मोहनिया हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, ससुराल जा रहे युवक की मौत

विज्ञापन
Ragini Shamra

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन