स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट मोड: बक्सर में कुपोषण का खतरा गहराया, आईसीडीएस रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Published by :Ragini Shamra
Published at :10 May 2026 11:20 AM (IST)
विज्ञापन
health

सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: बक्सर में बच्चों में कुपोषण की समस्या गंभीर बनी हुई है. आईसीडीएस के आंकड़ों के मुताबिक जिले में हजारों बच्चे कुपोषण और अतिकुपोषण से जूझ रहे हैं. विशेषज्ञों ने कम उम्र में शादी, गर्भावस्था में पोषण की कमी और दूषित पानी को इसका मुख्य कारण बताया है. स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने में जुटा है.

विज्ञापन

Bihar News: बक्सर में बच्चों में कुपोषण और अतिकुपोषण की समस्या अब भी गंभीर बनी हुई है. अप्रैल 2026 के आईसीडीएस आंकड़ों के अनुसार जिले में छह माह से पांच वर्ष तक की उम्र के 3510 बच्चे अतिकुपोषित पाए गए हैं. जबकि 5767 बच्चे कुपोषण की चपेट में हैं. यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है.

विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों में कुपोषण के पीछे कई सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कारण जिम्मेदार हैं. कम उम्र में शादी, गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण नहीं मिलना, दूषित पानी का सेवन और बच्चों की सही देखभाल नहीं होना इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं. ग्रामीण इलाकों में आज भी जागरूकता की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं के खानपान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता, जिसका सीधा असर नवजात बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है.

गर्भावस्था में पोषण की कमी से बढ़ रही समस्या

आईसीडीएस अधिकारियों का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान यदि महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन, कैल्शियम और अन्य आवश्यक पोषक तत्व नहीं मिलते हैं तो जन्म लेने वाले बच्चे कमजोर होते हैं. ऐसे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम रहती है और वे जल्दी कुपोषण का शिकार हो जाते हैं. इसके अलावा जिले के कई इलाकों में स्वच्छ पेयजल की समस्या भी बनी हुई है. दूषित पानी के सेवन से बच्चों में संक्रमण, दस्त और अन्य बीमारियां बढ़ रही हैं, जिससे उनका शारीरिक विकास प्रभावित हो रहा है.

कम उम्र में शादी भी बड़ी वजह

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार किशोरावस्था में शादी और जल्दी गर्भधारण भी बच्चों में कुपोषण की बड़ी वजह है. कम उम्र की माताएं शारीरिक रूप से पूरी तरह विकसित नहीं होती हैं, जिससे मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है. ऐसे मामलों में जन्म लेने वाले बच्चों का वजन कम होता है और उनमें कुपोषण की आशंका अधिक रहती है.

आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से चल रही निगरानी

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कवि प्रिया ने बताया कि जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की जा रही है. गंभीर रूप से अतिकुपोषित बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जा रहा है. साथ ही गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन, स्तनपान और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है.

हर साल बदलते आंकड़े

वर्ष अतिकुपोषित बच्चे कुपोषित बच्चे

  • 2023 5226 6740
  • 2024 5084 6361
  • 2025 6375 7926
  • 2026 3510 5767

किस प्रखंड में कितने बच्चे प्रभावित

जिले के बक्सर प्रखंड में सबसे अधिक 758 अतिकुपोषित और 984 कुपोषित बच्चे पाए गए हैं. इसके अलावा डुमरांव, इटाढ़ी, राजपुर और सिमरी प्रखंडों में भी बड़ी संख्या में बच्चे कुपोषण की समस्या से जूझ रहे हैं.

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते जागरूकता, पोषण और स्वच्छता पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर हो सकती है.

Also Read:जहानाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

विज्ञापन
Ragini Shamra

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन