Samastipur: किन्नर समाज की अनूठी पहल, श्रद्धालुओं के लिए बनवाया चबूतरा

चबूतरे के पास मौजूद किन्नर समाज के सदस्य.
समस्तीपुर में किन्नर समाज की एक अनोखी पहल चर्चा में है. सपना किन्नर ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्मशान काली घाट में अपने निजी खर्च से चबूतरे का निर्माण कराया है. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: समस्तीपुर में किन्नर समाज ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है. शहर के गंडक कॉलोनी स्थित श्मशान काली घाट में स्थानीय किन्नर समाज की मुखिया सपना किन्नर ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्का चबूतरा बनवाया है. यह निर्माण कार्य गुरु पिता मुन्ना किन्नर की स्मृति में कराया गया है.
श्रद्धालुओं के लिए पहल
बताया गया कि श्मशान काली घाट स्थित पुराने बरगद के पेड़ के नीचे पहले चबूतरा नहीं था. ऐसे में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं को काफी परेशानी होती थी.
आगामी वट सावित्री पूजा को देखते हुए सपना किन्नर ने अपने निजी कोष से चबूतरे का निर्माण कराया, ताकि महिलाओं को पूजा और अनुष्ठान करने में सुविधा मिल सके.
निजी कोष से खर्च किए एक लाख रुपये
सपना किन्नर ने बताया कि इस निर्माण कार्य में करीब एक लाख रुपये की लागत आई है. उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया.
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहता है किन्नर समाज
सपना किन्नर ने कहा कि किन्नर society हमेशा सामाजिक कार्यों में आगे रहता है. चाहे त्योहार हो या जरूरतमंदों की मदद, समाज अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की सेवा करता है.
चबूतरा निर्माण के मौके पर लाली किन्नर, सुमन, सीमा, करीना, प्रिया, पिंकी और मुस्कान समेत समाज के कई सदस्य मौजूद रहे.
लोगों ने की पहल की सराहना
स्थानीय लोगों ने किन्नर समाज की इस पहल की जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि यह कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देने वाला है और इससे सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा.
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










