बिहार के इस जिले में खुलने जा रहा आधुनिक लेदर पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

Updated:
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर लेदर पार्क: बिहार में रोजगार का नया द्वार

बिहार के इस जिले में खुलने जा रहा आधुनिक लेदर पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुजफ्फरपुर के महवल में बन रहा आधुनिक लेदर फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। यह युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देगा और छोटे उद्यमियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा।

विज्ञापन

Leather Park In Muzaffarpur: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने और 'Made in Bihar' ब्रांड को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है. मुजफ्फरपुर के महवल में बन रहा आधुनिक लेदर फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. यहां ट्रेनिंग सेंटर और कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) का निर्माण पूरा हो चुका है. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रहा है. उम्मीद है कि जल्द ही देश-विदेश की बड़ी लेदर कंपनियां यहां निवेश करेंगी, जिससे उत्तर बिहार में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

लोगों को मिलेगा स्किल ट्रेनिंग का मौका

Image

महवल में बने इस अत्याधुनिक लेदर पार्क में प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल बिल्डिंग के साथ एक आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर तैयार किया गया है. यहां स्थानीय युवाओं और महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लेदर और फुटवियर डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें पार्क में स्थापित होने वाली कंपनियों में रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन में कमी आने की उम्मीद है.

छोटे उद्यमियों के लिए बड़ी सुविधा

परियोजना की सबसे अहम विशेषताओं में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) भी शामिल है. यह केंद्र छोटे और मझोले उद्यमियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा. यहां अत्याधुनिक और महंगी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका उपयोग उद्यमी बेहद कम शुल्क पर कर सकेंगे. इससे उन्हें अलग से बड़ी पूंजी लगाकर मशीनें खरीदने की जरूरत नहीं होगी और उत्पादन लागत भी कम होगी.

'Made in Bihar' को मिलेगी नई पहचान

Image

उद्योग विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस पार्क का उद्देश्य बिहार में तैयार होने वाले लेदर उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत पहचान दिलाना है. अब जब बुनियादी ढांचा तैयार हो चुका है, तो बियाडा का ध्यान देश की प्रमुख लेदर कंपनियों को महवल में निवेश के लिए आकर्षित करने पर है.

उत्तर बिहार के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बड़ी कंपनियां यहां निवेश करती हैं, तो मुजफ्फरपुर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा. इससे रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

यह भी पढ़ें: स्मार्ट सिटी के 25 बायो-टॉयलेट बने शो-पीस, कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश


विज्ञापन
ललितांशु

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन