लापरवाही से जच्चे-बच्चे की मौत
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :21 Nov 2013 10:08 PM (IST)
विज्ञापन

झोलाछाप डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किये जाने से हुई मौत स्वास्थ्य विभाग की निगरानी समिति है निष्क्रिय संवाददाता, बक्सर जिस तरह प्रयोगशाला में चूहे और मेंढ़कों के ऊपर तरह-तरह के प्रयोग किये जाते हैं, वैसे ही ग्रामीण इलाकों में संचालित होने वाले नर्सिग होम वहां के ग्रामीणों के ऊपर कर रहे हैं. ऐसे में ग्रामीण इलाके […]
विज्ञापन
झोलाछाप डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किये जाने से हुई मौत
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी समिति है निष्क्रिय
संवाददाता, बक्सर
जिस तरह प्रयोगशाला में चूहे और मेंढ़कों के ऊपर तरह-तरह के प्रयोग किये जाते हैं, वैसे ही ग्रामीण इलाकों में संचालित होने वाले नर्सिग होम वहां के ग्रामीणों के ऊपर कर रहे हैं. ऐसे में ग्रामीण इलाके के गरीब और लाचार लोगों की न सिर्फ जेब कटती है, बल्कि झोला छाप चिकित्सकों के कारण आये दिन मरीज बेमौत मर रहे हैं. निजी क्लिीनिक के संचालक, दलालों के माध्यम से गरीबों को कुछ राशि देकर पूरे प्रकरण को आसानी से मैनेज कर लेते हैं. निजी नर्सिग होम और झोला छाप चिकित्सकों की जांच के लिए बनी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी समिति तक भी गरीब मरीजों के परिजनों की चीख पुकार नहीं पहुंच पाती है. लोगों का आरोप है कि झोला छाप चिकित्सकों द्वारा ग्रामीण इलाकों में संचालित हो रहे निजी नर्सिग होम की जांच के लिए जिला स्तर पर गठित निगरानी समिति भी निष्क्रिय है. जिसका भरपूर लाभ ग्रामीण इलाके में फैले झोला छाप चिकित्सक उठा रहे हैं.
दलाल पहुंचाते हैं मरीजों की निजी क्लिनिक में
नैनीजोर गांव के धन कुमार यादव की पत्नी पुतुल देवी को प्रसूति के लिए बुधवार की सुबह रघुनाथपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों ने दाखिल कराया. रघुनाथपुर गांव के जवाहिर यादव की पुत्री पुतुल देवी की शादी नैनीजोर के धन कुमार से वर्ष 2007 में हुई थी. पुतुल का यह पहला प्रसव था. दर्द होने के कारण परिजनों ने बुधवार की रात्रि साढ़े आठ बजे पीएचसी के चिकित्सक डॉ नवल किशोर सिंह से रेफर करने को आग्रह किया. परिजनों के आग्रह पर चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया. चिकित्सक ने बताया कि रेफर करने के बाद मरीज को लेकर परिजन कहां गये उसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है.
पीएचसी से रेफर होने के बाद दलालों ने उक्त प्रसूता को रघुनाथपुर स्थित एक झोला छाप चिकित्सक के निजी नर्सिग होम में पहुंचा दिया. रात्रि समय ही चिकित्सक ने महिला का ऑपरेशन करना शुरू कर दिया. ऑपरेशन करने के दौरान ही जच्च-बच्च की मौत हो गयी. मौत होने के बाद झोला छाप चिकित्सक ने मृतक महिला को परिजनों के साथ नर्सिग होम से बाहर कर दिया. महिला के पिता जवाहिर यादव ने बताया कि रात्रि समय से ही वह अपनी बेटी की लाश को लेकर क्लिनिक के बाहर पड़े रहे. उनका कहना है कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वह क्या करे.
मौत को नियति मान लेते हैं ग्रामीण
झोला छाप चिकित्सकों के नर्सिग होम में आये दिन होने वाली मौत को ग्रामीण इलाकों के अशिक्षित और गरीब लोग नियति का खेल मान कर खामोश हो जाते हैं. निजी नर्सिग होम में होने वाली मौतों पर हंगामा नहीं हो, इसको लेकर संचालक काफी सचेत रहते हैं. मौत होते ही संचालक के दलाल परिजनों को प्रलोभन देकर किसी ढंग का हंगामा नहीं होने देते हैं. पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है. पुलिस का कहना है कि परिजन जब उन तक शिकायत लेकर पहुंचेंगे तभी वे कानूनी रूप से कार्रवाई कर सकते हैं. परंतु आये दिन होने वाली मौतों में ऐसा कुछ नहीं होता.
फैला है झोलाछाप चिकित्सकों का जाल
जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों में झोला चिकित्सकों का ऐसा जाल फैला हुआ है कि भोले भाले ग्रामीण दलालों के माध्यम से यहां आराम से पहुंचा दिये जाते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि नावानगर प्रखंड के सोनवर्षा, ब्रह्मपुर, रघुनाथपुर, भोजपुर, डुमरी, नियाजीपुर, सिमरी, डुमरांव, चक्की सहित अन्य इलाकों में झोला छाप चिकित्सकों का जाल फैला हुआ है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
स्वास्थ्य विभाग के निगरानी समिति के नोडल पदाधिकारी सह एसीएमओ डॉ आरएन राम ने बताया कि झोला छाप चिकित्सकों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाता है. उन्होंने बताया कि रघुनाथपुर में ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की हुई मौत के मामले की जांच की जायेगी. उन्होंने कहा कि यदि नर्सिग होम अवैध ढंग से संचालित हो रहा होगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि इस मामले की शीघ्र जांच होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










