सर्वाधिक पीड़ित ब्रह्मपुर प्रखंड के किसानों को दी जायेगी प्राथमिकता के आधार पर पहली किस्त की राशि
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :28 Apr 2015 7:10 AM (IST)
विज्ञापन

फसल क्षतिवाले किसानों की हुई ग्रेडिंग 50 फीसदी से अधिक क्षतिवाले किसानों को सबसे पहले मुआवजा मिलेगा बक्सर : बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह ने बक्सर सर्किट हाउस में सोमवार को आंधी-तूफान से बरबाद हुई फसलों और भूकंप आपदा से पीड़ित हुए आम जनों का ब्योरा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त […]
विज्ञापन
फसल क्षतिवाले किसानों की हुई ग्रेडिंग
50 फीसदी से अधिक क्षतिवाले किसानों को सबसे पहले मुआवजा मिलेगा
बक्सर : बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह ने बक्सर सर्किट हाउस में सोमवार को आंधी-तूफान से बरबाद हुई फसलों और भूकंप आपदा से पीड़ित हुए आम जनों का ब्योरा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त किया. प्रभारी मंत्री ने कहा कि बक्सर जिले को क्षतिपूर्ति के रूप में पहली किस्त के रूप में 32 लाख रुपये का भुगतान मिला है, जिसका भुगतान अविलंब किसानों को किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि सर्वाधिक पीड़ित ब्रह्मपुर प्रखंड के तीन पंचायतों के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर राहत राशि दी जायेगी. दूसरे किस्त का भुगतान मिलने के बाद अन्य पीड़ित किसानों को मुआवजा मिलेगा.
उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत, 50 प्रतिशत और 50 प्रतिशत से अधिक क्षतिवाले किसानों को वर्गीकृत कर दिया गया है और सबसे ज्यादा क्षति जिसकी हुई होगी, उसे क्षतिपूर्ति की राशि उसी अनुपात में दी जायेगी. न्यूनतम क्षतिपूर्ति की राशि एक हजार होगी. जबकि 13 हजार रुपये तक क्षतिपूर्ति देने का प्रावधान राज्य सरकार ने किया है. उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि भूकंप जैसे आपदा में बक्सर जिले में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.
उन्होंने इसके लिए भविष्य में आपदा विभाग से एहतियाती कदम उठाने का अनुरोध किया और कहा कि हेल्प लाइन नंबर अन्य जिलों की तरह बक्सर जिले में भी जारी किये जायेंगे. उन्होंने 11 मई को 20 सूत्री की बैठक की तिथि घोषित की और सभी अधिकारियों से बैठक में निश्चित तौर पर भाग लेने का अनुरोध किया. बैठक में नहीं आनेवाले चार-पांच अधिकारियों की अनुपस्थिति पर चिंता जतायी और कहा कि ऐसी परिस्थिति में बैठकों में न आना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने उन अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि बैठक में नियमित शामिल हों.
बैठक में जिलाधिकारी के प्रभार में रहे डीडीसी मोबिन अली अंसारी, एडीएम अजय कुमार, आत्मा के निदेशक रणवीर सिंह, अपर समाहर्ता सह डीपीआरओ कुमारी अनुपम सिंह तथा बिजली विभाग के अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे.
फसलों की क्षति का ब्योरा : जिला कृषि पदाधिकारी प्रेमशंकर राम ने प्रभारी मंत्री को किसानों की क्षति का आंकड़ा दिया, जिसमें 50 फीसदी से अधिक क्षतिवाले लघु एवं सीमांत किसानों की संख्या कुल 6353 है, जिसमें असिंचित क्षेत्र के 1173 किसान और सिंचित क्षेत्र के 5180 किसानों की फसल बरबाद हुई है. वहीं, मध्यम श्रेणी के 4845 किसान हैं, जिनकी फसल 50 फीसदी से ज्यादा का नुकसान हुआ है.
इसमें असिंचित किसानों की संख्या 584 और सिंचित किसानों की संख्या 4261 है. इसके अतिरिक्त 33 फीसदी से 50 फीसदी के अंदर फसल क्षतिवाले किसानों के आंकड़े आठ हजार 777 है, जिसमें लघु एवं सीमांत किसान 3390 हैं, जिनकी 18 हेक्टेयर की फसल बरबाद हुई है. इसी श्रेणी में मध्यम वर्गीय 5387 किसान हैं, जिनकी 12 हजार 720 हेक्टेयर में लगी फसल बरबाद हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










