RE NEET परीक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर, परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने पर जोर
परीक्षा केंद्र की तस्वीर
RE NEET EXAM News : NEET-UG परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 5 केंद्रों पर होगी परीक्षा. नीचे पढ़िए पूरी खबर.
नालंदा (बिहारशरीफ) से सुनील कुमार की रिपोर्ट
RE NEET EXAM News : जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) का आयोजन रविवार को पांच परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की संभावना न रहे. प्रभारी जिला पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिंह ने शुक्रवार को परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
3804 अभ्यर्थियों के लिए RE NEET परीक्षा
उन्होंने परीक्षा संचालन में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर लगभग 3804 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होगी. परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन द्वारा लगातार केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में किसान कॉलेज, नालंदा कॉलेज एवं एसएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. वहीं राजगीर अनुमंडल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय राजगीर तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय राजगीर में परीक्षा आयोजित होगी.
धारा 163 के तहत कड़ी पाबंदी, परीक्षा केंद्रों के पास सख्त निगरानी
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहारशरीफ एवं राजगीर के सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार लेकर चलने तथा अनधिकृत आवाजाही पर रोक रहेगी. परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा परीक्षा के दिन सुबह 10 बजे से परीक्षा समाप्ति तक केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों, साइबर कैफे और कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. साथ ही अधिकारियों को लगातार सतर्क रहकर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है.
Also Read : बिहारशरीफ में सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी तेज, 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










