नालंदा में बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले नियमित और संविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन, DM को सौंपा मांग पत्र
फोटो कलेक्ट्रेट गेट पर खड़े कर्मचारीयो | Prabhat Khabar Network
बिहारशरीफ में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली और संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन। जानें पूरी खबर।
Nalanda News : बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सोमवार को नियमित एवं संविदा कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने 31 सूत्री मांग पत्र जिला पदाधिकारी, नालंदा को सौंपा. कर्मचारियों ने सरकार से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान की मांग की.
खाली पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग
जिला महासंघ नालंदा के जिलाध्यक्ष जयवर्धन ने कहा कि बिहार में कर्मचारियों और शिक्षकों के लाखों पद रिक्त हैं. इन पदों पर स्थायी नियुक्ति करने के बजाय ठेका, संविदा, आउटसोर्सिंग और पीपीपी आधारित व्यवस्था लागू की जा रही है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पेंशन रूपी सामाजिक सुरक्षा की मांग को भी सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है.
पुरानी पेंशन से लेकर आठवें वेतन आयोग तक की मांग
जिला मंत्री संजय कुमार ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि महासंघ ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर क्रमवार आंदोलन करने का निर्णय लिया है. प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना लागू करना, सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करना, विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में रिक्त पदों को भरना तथा आठवें वेतन आयोग का लाभ समय पर देना शामिल है. इसके साथ ही राजकीय सेवाओं के सभी पदों पर नियमानुसार प्रोन्नति का लाभ देने की मांग की गयी.
पंचायत स्तर के स्वास्थ्य कर्मियों को बायोमेट्रिक से छूट देने की मांग
कर्मचारियों ने विभिन्न संघों के शिष्टमंडल और सरकार के बीच वार्ता एवं समझौते में तय सभी बिंदुओं को लागू करने की मांग की. पंचायत स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था से मुक्त करने की मांग भी प्रदर्शन के दौरान उठायी गयी.
मांगों के समाधान की उम्मीद
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बिहार सरकार के मुख्य सचिव मांग पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा. प्रदर्शन में सहायक जिला मंत्री अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, संयोजिका ज्योति सिंह, संयुक्त मंत्री विनोद कुमार, चिकित्सा संघ के जिलाध्यक्ष नदीम, सिंचाई संघ के जिला मंत्री सुमन कुमार सिंह, शिक्षा संघ के जिला मंत्री विपिन कुमार, अनंत कुमार सहित कुमार अमित, कल्पना कुमारी, निर्मला कुमारी, पूजा कुमारी, शैलजा वर्मा, आशा कुमारी समेत दर्जनों कर्मचारी शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुनील कुमार
सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










