राहुल हत्याकांड में फरार आरोपित गौरव के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती

Updated:
विज्ञापन

सदरपुर गांव में फरार आरोपित के घर इश्तेहार चिपकाती बिंद पुलिस.

नालंदा के बिन्द प्रखंड में राहुल हत्याकांड के एक और फरार आरोपी गौरव कुमार के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। आरोपी के घर इश्तेहार चिपका आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।

विज्ञापन

Murder Case : बिंद प्रखंड के सदरपुर गांव में हुए राहुल हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे एक अन्य नामजद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. हत्या के मामले में महीनों से फरार आरोपी गौरव कुमार के घर बिंद पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया है. पुलिस ने आरोपी के घर एवं दरवाजे पर इश्तेहार चिपका कर उसे निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के अंदर आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.

लगातार छापेमारी के बाद भी नहीं पकड़ाया आरोपित

थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि सदरपुर गांव निवासी स्व. श्रवण महतो का पुत्र गौरव कुमार राहुल हत्याकांड में आरोपित है. वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है. पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. इसके बावजूद आरोपी के हाथ नहीं आने पर न्यायालय की प्रक्रिया के तहत उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है. पुलिस ने इश्तेहार के माध्यम से आरोपी को 30 दिनों के अंदर न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने का समय दिया है. थानाध्यक्ष ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं होता है तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके तहत आरोपी के घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है.

हत्याकांड का मुख्य आरोपित हो चुका है गिरफ्तार

गौरतलब है कि सदरपुर गांव में 26 वर्षीय राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी. इसी क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी के प्राथमिक अभियुक्त सदरपुर गांव निवासी भोली प्रसाद उर्फ अनिल प्रसाद के पुत्र सन्टी कुमार उर्फ मिरणाल कुमार को नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा गांव स्थित उसके परिजन के घर से गिरफ्तार किया था.


विज्ञापन
मुकुल नाथ

लेखक के बारे में

By मुकुल नाथ

मुकुल नाथ वर्ष 2017 पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. विगत 9 वर्षों से प्रभात खबर के लिए बिंद प्रखंड और आसपास के इलाकों से रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन