आंधी-पानी ने मचायी तबाही
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :10 May 2017 6:48 AM (IST)
विज्ञापन

तबाही. तेज आंधी में उजड़ गया कई लोगों का आशियाना आधा दर्जन हुए घायल आरा : मौसम ने मंगलवार की सुबह इस कदर करवट ली की तबाही मच गयी. सुबह में अचानक आये आंधी-पानी से लोगों को जहां काफी परेशानी हुई, वहीं भारी क्षति भी उठानी पड़ी. इस दौरान विद्युत व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव […]
विज्ञापन
तबाही. तेज आंधी में उजड़ गया कई लोगों का आशियाना
आधा दर्जन हुए घायल
आरा : मौसम ने मंगलवार की सुबह इस कदर करवट ली की तबाही मच गयी. सुबह में अचानक आये आंधी-पानी से लोगों को जहां काफी परेशानी हुई, वहीं भारी क्षति भी उठानी पड़ी. इस दौरान विद्युत व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा. कई जगह पेड़ टूट गये और बिजली के खंभे गिर गये. कई जगह बिजली के तार टूट गये. तेज आंधी में कई गरीब परिवारों का आशियाना उजड़ गया, तो आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी भी हो गये. वहीं आंधी- तूफान के दौरान जम कर हुई बारिश से कई सड़कों पर पानी पसर गया तथा कई नालियां भी जाम हो गयीं.
इससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी हुई.
आंधी के कारण सीजेएम कॉलोनी में भी पेड़ गिर पड़ा. इसके अलावा क्लब रोड और रमना रोड सहित कई जगहों पर पेड़ गिरने से लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हुई. सुबह आंधी-पानी का कहर उस समय बरपा जब अधिकतर लोग सोये हुए थे. अचानक तेज आंधी से लोगों की नींद खुल गयी, जिसके बाद लोगों की नींद उड़ गयी. लगभग घंटे भर तेज-आंधी पानी का कहर जारी रहा. हालांकि गत कई दिनों से भीषण गरमी से उबल रहे लोगों को मौसम के करवट लेने से काफी राहत भी मिली है.
आंधी के कारण पांच घंटे गुल रही बिजली : आंधी-पानी से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गयी है. सुबह लगभग पांच बजे के आसपास आंधी-पानी का कहर बरपा तो बिजली के तार-पोल तो टूटे ही कई जगहों पर पेड़ और टहनी तार व ट्रांसफॉर्मर पर गिर पड़ा. इसकी वजह से बिजली आपूर्ति बंद हो गयी. पांच घंटे से अधिक समय तक पूरे शहर में बिजली की आपूर्ति बंद रही. बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पांच घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति व्यवस्था को बहाल कर पाये. हालांकि कई इलाकों में लोगों को आठ घंटे बाद बिजली के दर्शन हुए. बताया जा रहा है कि आरा क्लब के पास, पुलिस लाइन, रमना रोड, धरहरा, आनंद नगर सहित कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति पर असर रहा.
पानी की टंकी हो गयी थी खाली और लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी : सुबह लोगों की नींद खुलने से पहले ही बिजली गुल होने से सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर झेलनी पड़ी.
अधिकतर लोग सुबह में घर के पानी की टंकी फुल करते हैं. मंगलवार की सुबह जब लोग उठे तो, उनका ध्यान सबसे पहले पानी की टंकी की ओर गया लेकिन तब तक तो बिजली गुल हो चुकी थी. ऐसे में कई घरों में पानी की टंकी खाली हो गयी और लोगों को बिजली आने का पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा. पकड़ी के रहनेवाले वरुण कुमार ने बताया कि सुबह में बिजली नहीं रहने के कारण पानी की समस्या हो गयी. लाचारी में बगैर स्नान किये ही ऑफिस के लिए निकलना पड़ा. घरेलू महिला न्यू कॉलोनी की पुष्पा देवी ने बताया कि घर में खाना बनाने तक के लिए पानी नहीं था. बगल के घर से पानी लाकर बच्चों का नाश्ता तैयार करने के बाद स्कूल भेज पायी.
आम हो गये बरबाद तो हरी सब्जी की फसलें भी प्रभावित : आंधी और बारिश के कारण पेड़ों पर लगे आम को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. तेज आंधी में आम काफी बरबाद हुआ है. इसके साथ ही सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है. खासकर लतर वाली सब्जियों की खेती करनेवाले किसानों को काफी नुकसान हुआ है. कुछ किसानों के गेहूं की फसल भी अभी खलिहान में पड़ी हुई है. तेज आंधी में खलिहान में पशुओं के लिए रखा गया चारा भी हवा के झोंकों के साथ उड़ गया. ऐसे में कई किसानों के समक्ष पशु चारा की भी समस्या पैदा हो गयी है.
वज्रपात से युवक गंभीर रूप से झुलसा : सहार. प्रखंड क्षेत्र में सुबह तेज आंधी और पानी से दर्जनों पेड़ का डाल टूट कर गिर गये तथा कई लोगों की झोंपड़ी तेज आंधी में उड़ गयी. वहीं अमहरूआ में वज्रपात की चपेट में आने से अवधेश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार झुलस गया, जिसको इलाज के लिए आरा भेजा गया. चिंताजनक हालत में उसका इलाज चल रहा है. तेज आंधी- पानी के कारण प्रखंड मुख्यालय के समीप एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप पेड़ की टहनी टूटने के कारण बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गये.
आरा. तेज आंधी तूफान व बारिश के कारण जिले के अलग- अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव में तेज बारिश आंधी तूफान के कारण एक ही परिवार के तीन लोग जख्मी हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया.
घायलों में कामेश्वर महतो की पत्नी सुमित्रा देवी, सकुंतला देवी तथा सिगासन महतो हैं. वहीं दूसरी ओर इसी थाना क्षेत्र के गंगहर गांव में काराकट गिरने से अनिल यादव तथा बिहिया थाना क्षेत्र के मूर्तिरामपुर गांव निवासी सिंगासन जख्मी हो गये. सभी लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. बता दें कि मंगलवार की सुबह अचानक तेज बारिश और तेज हवा के कारण जिले में कई जगहों पर हादसे हुए हैं. इस घटना को लेकर काफी देर तक अफरातफरी मच गयी. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










