कहीं बरसे ओले तो कहीं हुई बारिश

Published at :03 Jan 2017 4:32 AM (IST)
विज्ञापन
कहीं बरसे ओले तो कहीं हुई बारिश

ठंड का कहर. ओला बरसने और बूंदाबांदी से ठंड का बढ़ा असर, ठिठुरे लोग बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक गांवों में लगभग 45 मिनट तक बरसे ओले आरा : भोजपुर जिले के कुछ इलाकों में सोमवार को हुई बर्फबारी और बारिश से ठंड का असर बढ़ गया है. बर्फबारी व बारिश के […]

विज्ञापन

ठंड का कहर. ओला बरसने और बूंदाबांदी से ठंड का बढ़ा असर, ठिठुरे लोग

बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक गांवों में लगभग 45 मिनट तक बरसे ओले
आरा : भोजपुर जिले के कुछ इलाकों में सोमवार को हुई बर्फबारी और बारिश से ठंड का असर बढ़ गया है. बर्फबारी व बारिश के बाद लोग ठंड से ठिठुर गये हैं. सोमवार को शहरी इलाकों में बूंदाबांदी हुई, तो ग्रामीण इलाकों में कहीं झमाझम बारिश तो कहीं ओले बरसे. बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांव में तेज बारिश के साथ ओले बरसे. इस इलाके में लगभग 45 तक तेज बारिश का कहर रहा. ओला बरसने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई और फसल पर भी प्रभाव पड़ा. इससे किसानों की चिंता भी बढ़ गयी है. कई गांवों में सड़कों पर पानी भी लग गया है. इसके अलावे कोइलवर प्रखंड के कई गांवों में भी काफी देर तक बारिश हुई. शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई. मौसम पूरे दिन खराब रहा. आसमान में सुबह से ही बादल छाये हुए थे. रह- रहकर बूंदाबांदी हो रही थी और बीच-बीच में धूप भी निकल जा रही थी.
हालांकि बारिश होने की वजह से कई क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ गयी है. लोग घरों में दुबक गये हैं. बारिश की वजह से शहर में भी भीड़-भाड़ कम थी और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. ठंड के कहर से लोग काफी परेशान रहे. देर शाम कोहरे का असर भी काफी हो गया. कोहरे के कारण सड़क पर वाहनों की गति पर भी लगाम लग गयी.
अलाव जला कर ठंड से राहत पा रहे लोग : शहर सहित ग्रामीण इलाकों में अब लोगों के लिए अलाव ही एक सहारा बचा है. बर्फबारी और बारिश के बाद लोग अलाव जला कर ठंड से राहत पाने में जुटे हुए थे.
बर्फबारी से दलहन व गेहूं की फसल को हुआ नुकसान : बड़हरा प्रखंड के दर्जनों गांवों में बर्फबारी व बारिश के बाद दलहन व गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है. बखोरापुर, पड़रिया, सेमरिया, दौलतपुर, लौहर-फरना सहित कई गांवों के निचले इलाकों के खेतों में पानी लग गया है. ओले बरसने से पहले की बोआई वाली फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है. इसमें मटर, चना और गेहूं की फसलें ज्यादा प्रभावित हुई हैं. कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक डॉ पीके द्विवेदी ने बताया कि हल्की बारिश से तो कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन ओला बरसने से दलहनी व गेहूं की फसल को नुकसान होगा.
उन्होंने बताया कि बारिश होती तो चना, सरसों को काफी फायदा होता. बर्फबारी से पौधे टूट जाते हैं और उनमें लगा फूल भी बरबाद हो जाता है.
आज रद्द रहेगी विभूति व नार्थ इस्ट एक्सप्रेस : आरा. ठंड व कोहरे का असर ट्रेनों पर भी खूब पड़ रहा है. लगातार ट्रेनें रद्द रह रही हैं और विलंब से चल रही है. मंगलवार को विभूति व नार्थ इस्ट एक्सप्रेस रद्द रहेंगी. वहीं सोमवार को पूर्वा एक्सप्रेस रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी. ट्रेनों के विलंब से चलने का आलम यह रहा कि आठ से दस ट्रेनें अपने समय से घंटों विलंब से आरा स्टेशन पर पहुंची. ब्रह्मपुत्र मेल 35 घंटे तो विभूति एक्सप्रेस 16 घंटे के विलंब से चल रही है. इसके अलावा मगध सहित कई ट्रेनें काफी लेट से चल रही हैं. ट्रेनों के लेट लतीफी से यात्री पूरे दिन परेशान रहे और घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा.
बारिश के बाद ठंड बढ़ने पर आग का सहारा लेते लोग.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन