मारवाड़ी महाविद्यालय में आईसीएसआई कॉन्टेक्ट सेंटर का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर बन सकेंगे कंपनी सेक्रेटरी

मारवाड़ी महाविद्यालय में आईसीएसआई कॉन्टेक्ट सेंटर का उद्घाटन करते अतिथि
भागलपुर के मारवाड़ी महाविद्यालय में 'द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया' (ICSI) के कॉन्टेक्ट सेंटर का उद्घाटन किया गया है, जो टीएमबीयू क्षेत्र का पहला ऐसा केंद्र है. इस सेंटर के खुलने से अब स्थानीय छात्रों को कंपनी सेक्रेटरी की पढ़ाई और करियर गाइडेंस के लिए महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
भागलपुर से संजीव झा की रिपोर्ट: भागलपुर के मारवाड़ी महाविद्यालय में शुक्रवार को ‘द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया’ (ICSI) के कॉन्टेक्ट सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया. यह केंद्र भागलपुर समेत पूरे बिहार में आईसीएसआई का दूसरा और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय क्षेत्र के किसी कॉलेज में स्थापित होने वाला पहला केंद्र है. इस सेंटर के खुलने से अब स्थानीय छात्रों को कंपनी सेक्रेटरी (CS) की पढ़ाई और करियर गाइडेंस के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.
कॉरपोरेट जगत में सीएस की अनिवार्य भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी. चांडक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में कॉरपोरेट जगत में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका अनिवार्य हो गई है. उन्होंने जानकारी दी कि 10 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाली कंपनियों के लिए सीएस रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है, जिसके कारण इस क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं. वहीं, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय शुक्ला ने इसे पूर्वी बिहार के विद्यार्थियों के लिए वरदान बताया.
विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय झा ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि यह केंद्र छात्रों को स्थानीय स्तर पर ही अध्ययन सामग्री और काउंसलिंग उपलब्ध कराएगा. कुलसचिव प्रो. रामाशीष पुरवे ने नई शिक्षा नीति के संदर्भ में इस केंद्र की प्रासंगिकता पर जोर दिया. मौके पर सिंडिकेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा और जी. एस. डोकानिया ने इसे व्यावसायिक शिक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम बताया.
सीएस कोर्स की खासियत: पीजी के समकक्ष मान्यता
आईसीएसआई पटना चैप्टर के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि यह पाठ्यक्रम दूरस्थ शिक्षा और ई-लर्निंग की सुविधा प्रदान करता है. खास बात यह है कि सीएस (CS) की योग्यता को अब पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डिग्री के समकक्ष मान्यता प्राप्त है. प्रोफेशनल ट्रेनिंग के बाद छात्र कॉरपोरेट हाउस में ऊंचे पदों पर जा सकते हैं या स्वतंत्र प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं. इस गरिमामय अवसर पर प्रो. ए. के. दत्ता, डॉ. सुनील साह और मीडिया प्रभारी डॉ. आशीष कुमार मिश्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे. इस केंद्र के माध्यम से अब कॉमर्स के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के करियर विकल्प आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










