अनगड़ा के चमघाटी में धान लदा ट्रक पेड़ से टकराया, केबिन में फंसा चालक गंभीर

अनगड़ा के चमघाटी में पलटा ट्रक. फोटो: प्रभात खबर
Ranchi News: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित चमघाटी में धान लदा ट्रक पेड़ से टकरा गया. हादसे में चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया. ग्रामीणों और पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला. घायल चालक का इलाज रिम्स में चल रहा है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
अनगड़ा से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Ranchi News: रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमघाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. रांची-मुरी मुख्य सड़क पर धान लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी.
दो घंटे तक चला राहत और बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रक का केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था. करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक के केबिन को काटा. काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे.
रिम्स में चल रहा घायल चालक का इलाज
अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक लोहरदगा जिले के कुड़ू क्षेत्र का है. हादसे की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है. उन्होंने बताया कि घायल चालक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है. फिलहाल उसका इलाज रिम्स में चल रहा है.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा में झोलाछाप डॉक्टरों पर आफत, बंद होंगे कई अवैध नर्सिंग होम और अस्पताल
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है. प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण ट्रक पेड़ से टकरा गया. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
इसे भी पढ़ें: सीसीएल कर्मचारियों के बच्चों को मिलेगी 3100 रुपये तक स्कॉलरशिप, 30 सितंबर तक करना होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










