गोराडीह में जहरीला पदार्थ खाने के 17वें दिन महिला की मौत, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अचानक बिगड़ी थी तबीयत
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 08 May 2026 12:18 PM
शोकाकुल परिजन
भागलपुर के मोहनपुर में जहरीला पदार्थ खाने के 17वें दिन एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई इस घटना ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट: गोराडीह थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. जहरीला पदार्थ खाने के 17वें दिन 24 वर्षीया मुन्नी कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई. चौंकाने वाली बात यह है कि मुन्नी को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी थी और वह घर आ गई थी, लेकिन बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसने दम तोड़ दिया. शुक्रवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
स्वस्थ होकर लौटी थी घर, फिर सांस लेने में हुई तकलीफ
मृतका के पति रौशन कुमार ने बताया कि मुन्नी ने 22 अप्रैल को अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ पी लिया था. उसे तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया, जहां सुधार होने पर 2 मई को उसे छुट्टी दे दी गई. घर लौटने के बाद सब कुछ सामान्य था, लेकिन 6 मई को अचानक उसे सांस लेने में गंभीर समस्या होने लगी. परिजनों ने पहले उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए पुनः मायागंज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई.
तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया
मुन्नी की मौत के बाद उसके तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. उसका सबसे बड़ा बेटा अभी महज 5 वर्ष का है. बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. मुन्नी के पिता रामविलास दास (बेरिया, नाथनगर निवासी) और पति दोनों ही इस बात से हैरान हैं कि मुन्नी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया. परिजनों के अनुसार घर में कोई विवाद नहीं था और सब कुछ ठीक चल रहा था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बरारी कैंप थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर मुन्नी ने जहर क्यों खाया था. फिलहाल मौत की खबर से मायके और ससुराल दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटी मुन्नी अब उनके बीच नहीं रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










