बेतिया नगर निगम में सख्ती का बिगुल, फर्जी एफडी पर फिर कसेगा शिकंजा

Published by : SATISH KUMAR Updated At : 19 Jan 2026 6:57 PM

विज्ञापन

नगर निगम में सोमवार को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक कई मायनों में खास रही.

विज्ञापन

बेतिया. नगर निगम में सोमवार को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक कई मायनों में खास रही. जहां एक ओर नवागत नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित का गर्मजोशी से स्वागत हुआ, वहीं दूसरी ओर विकास योजनाओं से जुड़ी गारंटी मनी (एफडी) की गहन जांच को लेकर बड़ा फैसला लिया गया. मेयर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तय किया गया कि अब निगम की सभी विकास योजनाओं के तहत जमा की गई एफडी की जांच केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी. इसके लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे जाएंगे और ई-मेल के माध्यम से भी सत्यापन कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके. बैठक की शुरुआत में मेयर ने नवपदस्थापित नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया. इस मौके पर मेयर ने कहा कि सुश्री दीक्षित पूर्व में भी नगर निगम में अपनी कार्यकुशलता साबित कर चुकी हैं और उनके नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. बैठक में नगर निगम कार्यालय से लेकर करोड़ों की विकास योजनाओं से जुड़े महालेखाकार कार्यालय के ऑडिट प्रतिवेदन में उठी आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई. खास तौर पर उन मामलों पर मंथन हुआ, जहां संवेदकों द्वारा टेंडर प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर फर्जी बैंक एफडी जमा करने की बात सामने आई है. नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने बताया कि बैठक में पिछली बैठक की पुष्टि, ऑडिट आपत्तियों के समाधान और टेंडर आधारित योजनाओं की समीक्षा की गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. कुल मिलाकर, निगम की इस बैठक से यह साफ संकेत मिला कि अब विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त मूड में है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन