बगहा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विशेष कुर्की अभियान के डर से 18 अपराधियों ने किया आत्मसमर्पण

आरोपितों के घर कुर्की के पहुंची पुलिस टीम
Bagaha News: बगहा में पुलिस की विशेष कुर्की-जप्ती कार्रवाई का ग्राउंड वीडियो. पुलिस द्वारा फरार आरोपियों के घरों पर दबिश और सामान की जब्ती दिखाई गई है. बिजली चोरी के आरोपी ने मौके पर आत्मसमर्पण किया. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही. पढ़ें पूरी खबर…
Bagaha News: पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बगहा पुलिस जिला में चलाए गए विशेष कुर्की-जप्ती अभियान से अपराधियों में हड़कंप मच गया है. एसपी रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की. इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 23 कुर्की-जप्ती के मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया. पुलिस की इस भारी दबिश और सख्त कार्रवाई को देखते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 18 अभियुक्तों ने कानून के आगे घुटने टेकते हुए आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने सभी आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
कार्रवाई के बीच आरोपी ने किया सरेंडर
अभियान के दौरान पटखौली थाना क्षेत्र के बगहा-दो (वार्ड संख्या-5) में बिजली चोरी के फरार आरोपी प्यारेलाल साह के घर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की. न्यायालय के आदेश पर पहले इस्तेहार चस्पा किया गया था, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था. जब पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाठक और पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत की टीम ने घर से फर्नीचर और अन्य सामान बाहर निकालकर सूचीबद्ध करना शुरू किया, तो इसकी भनक लगते ही आरोपी प्यारेलाल साह तुरंत मौके पर पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. मौके पर ही सरेंडर करने के कारण उसकी संपत्ति कुर्क होने से बच गई. एसपी ने साफ किया है कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वांछित अभियुक्तों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










