Bettiah News: अस्पताल परिसर में शव को नोंच खा रहा था कुत्ता, बेतिया पुलिस के आगे अस्पताल प्रशासन ने दी ये दलील

सांकेतिक फोटो
Bettiah News: अस्पताल के पुलिस चौकी प्रभारी राम कुमार पासवान ने बताया कि मरीज के बाएं हाथ में पानी चढ़ाने के लिए लगाए जानेवाला निडिल लगा हुआ था. उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है.
Bettiah News: बेतिया. शहर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) परिसर में करीब 25 साल के मरीज का शव मिला है. कुत्तों ने मरीज की गर्दन व सिर के पीछे के हिस्से को नोचकर खा लिया है. सुबह गार्डों ने कुत्तों को भगा कर शव को सुरक्षित किया है. आशंका जतायी जा रही है कि रात में मरीज छत से गिर गया होगा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखवा दिया है. शव की पहचान अब तक नहीं हो पायी है. अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले पर जो दलील दी है वो आश्चर्यजनक है. अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि जिस मरीज का शव बरामद हुआ है, वो कभी अस्पताल में भर्ती ही नहीं हुआ था.
खून से लथपथ शव का होगा पोस्टमार्टम
पुलिस को दिये बयान में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि रात में मरीज अस्पताल परिसर में बेचैनी की हालत में घूम रहा था. सी ब्लॉक के चौथे तल्ले पर लोगों ने उसे देखा था. वहां से वह नीचे कैजुएल्टी वार्ड की तरफ चला गया. सुबह में जीएमसीएच में तैनात सुरक्षा गार्डों की नजर बी और सी ब्लॉक के बीच गई तो एक शव पर कुत्तों का झुंड मंडरा रहा था. इसके बाद गार्ड ने कुत्तों को वहां से भगाया. कुत्तों के नोचने के कारण शव से खून निकल रहा था. खून से लथपथ शव देख लोगों ने घटना की सूचना चौकी प्रभारी को दी.
नहीं हो सकी है शव की पहचान
शव मिलने की सूचना पर चौकी प्रभारी के साथ जमादार अरविंद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अस्पताल के पुलिस चौकी प्रभारी राम कुमार पासवान ने बताया कि मरीज के दाहिने हाथ पर बलिस्टर गोंदा हुआ मिला है. बाएं हाथ में पानी चढ़ाने के लिए लगाए जानेवाला निडिल लगा हुआ था. उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है. वहीं इस मामले में जीएमसीएच के प्रबंधक शहनवाज ने कहा कि अस्पताल के पिछले हिस्से में शव मिला है. वहां अमूमन कोई नहीं जाता है. वह आदमी जीएमसीएच में भर्ती नहीं था. सुबह में गार्डों ने उसे देखा तो कुत्तों को भगाकर शव को सुरक्षित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




