चनपटिया नगर पंचायत बैठक में हंगामा, सफाई एजेंसी का अनुबंध रद्द करने का फैसला

Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

चनपटिया नगर पंचायत

Chanpatia News: चनपटिया नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सफाई एजेंसी पर गंभीर सवाल उठे. सदस्यों ने कचरा निस्तारण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए एजेंसी का अनुबंध रद्द करने का निर्णय लिया.

विज्ञापन

चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट

Chanpatia News: चनपटिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद कक्ष में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद रजनी देवी ने की. बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण और विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर सदस्यों ने गंभीर सवाल उठाए. सफाई एजेंसी के कार्यों पर असंतोष जताते हुए समिति ने उसका अनुबंध रद्द करने का निर्णय लिया.

कचरा निस्तारण में फर्जीवाड़े का आरोप

बैठक में उपमुख्य पार्षद सुनील कुमार और अन्य सदस्यों ने वार्ड संख्या दो स्थित मेला ग्राउंड के चिल्ड्रेन पार्क की प्रस्तावित भूमि से कचरा हटाने के कार्य पर सवाल उठाए.

सदस्यों ने कहा कि संबंधित एजेंसी के अनुसार अब तक 35 हजार टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है, लेकिन यह आंकड़ा संदेह पैदा करता है. उनका आरोप था कि अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: अवैध क्लिनिक में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा

सफाई एजेंसी पर उठे सवाल

बैठक में समिति सदस्यों पूनम देवी, मुनीब महतो और लालमती देवी ने सफाई एजेंसी के चयन पर भी सवाल खड़े किए.

सदस्यों का आरोप था कि मुजफ्फरपुर की प्रताप सेवा संकल्प नामक एजेंसी, जिसे कथित रूप से ब्लैकलिस्टेड बताया गया, उसे सफाई कार्य का जिम्मा दिया गया. उन्होंने कहा कि एजेंसी के खिलाफ न्यायालय में मामले भी लंबित हैं.

इसी को देखते हुए सशक्त स्थायी समिति ने सर्वसम्मति से एजेंसी का अनुबंध रद्द करने का निर्णय लिया.

पूर्व निर्णयों की हुई समीक्षा

बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई. संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए.

सदस्यों ने नगर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया.

यह भी पढ़ें: जनकल्याण शिविर में अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई, बीडीओ ने मांगा जवाब

कई विकास कार्यों पर बनी सहमति

बैठक में पार्किंग शुल्क वसूली के लिए दर सूची बोर्ड लगाने, बिजली मिस्त्री की बहाली, सोलर स्ट्रीट लाइट खरीद, सार्वजनिक चापाकलों की मरम्मत और बंद पड़े प्याऊ को चालू कराने का निर्णय लिया गया.

इसके अलावा बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन शौचालय कार्य को जल्द शुरू कराने और नए यूरिनल निर्माण पर भी सहमति बनी.

नगर व्यवस्था सुधारने पर जोर

बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. साथ ही योजनाओं की निगरानी और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया.

यह भी पढ़ें: स्कूल खुलते ही प्राथमिक विद्यालयों में मनाया जाएगा ‘बैक टू स्कूल वीक’

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन