Bettiah Kidnapping News: 5 लाख की फिरौती के लिए दो चचेरे भाइयों का अपहरण, 4 घंटे में पुलिस ने किया रेस्क्यू
अपहरण कांड के खुलासे की जानकारी देते पुलिस अधिकारी
Bettiah Kidnapping News: बेतिया से दो चचेरे भाइयों के अपहरण और 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया. पुलिस ने चार घंटे के भीतर दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पढ़ें पूरी खबर…
बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
Bettiah Kidnapping News: पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर से दो चचेरे भाइयों के अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज चार घंटे के भीतर दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया. मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अपहरण में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, अपहरण के बाद परिजनों से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी.
द्वार देवी चौक से किया गया था अपहरण
पुलिस के मुताबिक 18 जून को नगर के द्वार देवी चौक स्थित एक कपड़ा दुकान के समीप से बाइक सवार चार-पांच लोगों ने श्रीनगर थाना क्षेत्र के पूजहा पटजिरवा निवासी अर्जुन कुमार और नीतेश कुमार को कथित रूप से अगवा कर लिया.
दोनों युवक आपस में चचेरे भाई हैं. घटना के बाद परिजनों के पास फिरौती की मांग पहुंची, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
यह भी पढ़ें: पटना में अपहरण कर 70 लाख की फिरौती मांगने के मामले में दलसिंहसराय से एक आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
अर्जुन कुमार के भाई मंटू कुमार की शिकायत पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया. दो युवकों के एक साथ अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया.
पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया.
विशेष टीम ने 4 घंटे में किया रेस्क्यू
एसपी के निर्देश पर सदर-वन एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. टीम में नगर थाना, मनुआपुल थाना और जिला आसूचना इकाई के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया.
तकनीकी और मैन्युअल जांच के आधार पर पुलिस ने मनुआपुल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया.
चार आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के छावनी निवासी सिद्धार्थ प्रियदर्शी, मोनू कुमार, चंदन कुमार और बिट्टू राज के रूप में हुई है.
पुलिस ने उनके कब्जे से अपहृत युवकों की एक बाइक, घटना में इस्तेमाल दो बाइक और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
जांच में सामने आया उगाही का एंगल
एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नीतेश कुमार से कथित रूप से उगाही करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया.
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस टीम को किया जाएगा सम्मानित
एसपी ने कहा कि अपहरण जैसे गंभीर मामले का त्वरित खुलासा कर दोनों युवकों को सुरक्षित बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा.
इस अभियान में एसडीपीओ अजीत कुमार, नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: राजस्व कर्मचारी को धमकाने और वाहन से धक्का मारने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










