बेगूसराय के युवक ने जान का खतरा बताकर थाने में दी अर्जी, 20 दिन बाद चाकू मारकर हो गई हत्या
रोते बिलखते परिजन
Begusarai Crime News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चचेरे भाई पर 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा है.
Begusarai Crime News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चचेरे भाई पर 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
मृतक की पहचान सोनमा वार्ड संख्या-9 निवासी स्वर्गीय शंकर महतो के इकलौते पुत्र चंदन कुमार महतो (26) के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार चंदन और उसके चचेरे भाई राजीव कुमार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. शुक्रवार को यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया.
परवल के खेत से शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि शुक्रवार को दोनों पक्ष गांव के दक्षिण स्थित चनहा (मृत चंद्रभागा नदी) के किनारे परवल के खेत में गए थे. वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. बाद में जब चंदन घर लौट रहा था तो हनुमान मंदिर के समीप दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया.
चाकू के हमले में मौके पर हुई मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान राजीव कुमार और उसके सहयोगियों ने चंदन कुमार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसकी छाती समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल चंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हत्या के बाद गांव में भड़का गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने शव को गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक परिवार को मुआवजा और घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग कर रहे थे.
पुलिस को सुननी पड़ी ग्रामीणों की नाराजगी
सूचना मिलने पर एसडीपीओ कुंदन कुमार और बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि ग्रामीण किसी भी स्तर के आश्वासन को मानने को तैयार नहीं थे. लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
Begusarai News: 20 दिन पहले मांगी थी सुरक्षा
ग्रामीणों का दावा है कि करीब 20 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी. इसके बाद चंदन कुमार ने 4 जून को बखरी थाना में आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की थी. लोगों का कहना है कि यदि उस समय पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की होती तो शायद यह घटना नहीं होती.
एसपी के पहुंचने के बाद खुला जाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कराया गया.
आरोपी फरार, कई लोग हिरासत में
घटना के बाद मुख्य आरोपी राजीव Kumar, उसके पिता रामानंद महतो समेत परिवार के कई सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंजू देवी, अभिषेक कुमार और परिवार की एक अन्य महिला सदस्य को हिरासत में लिया है. वहीं मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
हत्या की इस वारदात के बाद सोनमा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Singh
विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










