बासुकिनाथ में बच्चों से काम कराने वालों पर चला प्रशासन का चाबुक, चार बाल श्रमिकों का किया गया रेस्क्यू
बासुकिनाथ बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते अधिकारी व कर्मी. फोटो: प्रभात खबर
Dumka News: दुमका के बासुकिनाथ क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया. श्रम विभाग, पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त टीम ने होटल, ढाबों और दुकानों की जांच कर लोगों को बाल श्रम कानूनों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
दुमका से रिपोर्ट आदित्यनाथ पत्रलेख
Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के बासुकिनाथ क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन और बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर संयुक्त निरीक्षण, बचाव और जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व श्रम अधीक्षक सूरज कुमार हांसदा ने किया. इस दौरान श्रम विभाग, पुलिस प्रशासन, चाइल्डलाइन, नीति आयोग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी गीता कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मी, नीति आयोग के जिला परियोजना सहयोगी अमलेश कुमार और कई स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे.
होटल, ढाबों और दुकानों में की गई जांच
संयुक्त टीम ने बासुकिनाथ क्षेत्र के विभिन्न होटल, ढाबों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान बाल श्रम निषेध कानून और बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर और सूचना पत्र चिपकाए गए. दुकानदारों और आम नागरिकों को बताया गया कि बाल श्रम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानपूर्ण बचपन का अधिकार है और उन्हें मजदूरी के लिए मजबूर करना कानूनन अपराध है. समाज अक्सर सस्ती मजदूरी की तलाश में बचपन की कीमत भूल जाता है, जबकि स्कूल की किताबों की जगह काम का बोझ उठाना किसी भी बच्चे की नियति नहीं होनी चाहिए.
चार बाल श्रमिकों को कराया गया मुक्त
निरीक्षण अभियान के दौरान चार बाल श्रमिकों की पहचान कर उन्हें काम से मुक्त कराया गया. श्रम अधीक्षक सूरज कुमार हांसदा ने बताया कि बासुकिनाथ मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों का रेस्क्यू किया गया है. उन्होंने कहा कि बच्चों का स्थान स्कूल है और उन्हें शिक्षा से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. बाल मजदूरी न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है.
बाल मजदूरी कराने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सूरज कुमार हांसदा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बच्चों से मजदूरी कराता पाया जाता है तो इसे गंभीर अपराध माना जाएगा. ऐसे मामलों में 20 हजार से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना और छह माह तक की सजा का प्रावधान है. रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक परामर्श सेवा उपलब्ध कराई गई. उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई और पुनर्वास प्रक्रिया के लिए उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
इसे भी पढ़ें: घोड़े बेचकर सोता रहा प्रशासन, माननीयों ने की अनसुनी तो ग्रामीणों ने उठा ली कुदाल और बना दी सड़क
लोगों से सहयोग की अपील
अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य के अधिकारों का हनन है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बाल श्रम के खिलाफ जागरूक रहें और ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित विभागों को देकर बच्चों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के निर्माण में सहयोग करें.
इसे भी पढ़ें: रांची में गंदे पानी की सप्लाई से फूटा लोगों का गुस्सा, पानी टंकी का किया घेराव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










