बगहा: पुलिस का कारनामा उजागर, लूटकांड की फाइल दबाने पर दो अधिकारी नपे
प्रतीकात्मक तस्वीर
Bagaha Ramnagar police suspended: रामनगर में लूट की सूचना सीनियर अफसरों से छुपाने और केस दर्ज न करने के आरोप में थानाध्यक्ष दीपक कुमार और गश्ती पदाधिकारी अखिलेश कुमार राय को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जानिए पूरी खबर…
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha Ramnagar police suspended: पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है.रामनगर में हुई लूट की वारदात की सूचना वरीय अधिकारियों से छिपाने और मामले में त्वरित प्राथमिकी दर्ज न करने के आरोप में रामनगर थानाध्यक्ष और गश्ती पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.इस बड़ी गाज के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
एसडीपीओ की जांच में खुली लापरवाही की पोल
मामले की जानकारी मिलते ही बगहा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामानंद कुमार कौशल ने इसे गंभीरता से लिया.उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) निहार भूषण को मामले की जांच सौंपी.जांच में पता चला कि भैरोगंज थाना क्षेत्र के बांसगांव परसौनी निवासी सतीश चंद्र पांडेय के साथ अपराधियों ने मारपीट कर 20 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लूट लिया था.पीड़ित ने इसकी लिखित सूचना थाने को दी थी,लेकिन अधिकारियों ने इसे दबा दिया.
कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के तहत गिरी गाज
आरोप है कि तत्कालीन थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार और गश्ती पदाधिकारी सह पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार राय ने इस गंभीर घटना की जानकारी अपने सीनियर अफसरों को समय पर नहीं दी.इतना ही नहीं,मामले में केस दर्ज कर छानबीन भी शुरू नहीं की गई.जांच रिपोर्ट में इसे गंभीर लापरवाही,कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता माना गया,जिससे पुलिस की छवि आम जनता के बीच धूमिल हुई.
एसपी की सख्त चेतावनी: कोताही बर्दाश्त नहीं
डीआईजी के अनुमोदन के बाद एसपी ने दोनों अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है.एसपी रामानंद कुमार कौशल ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि थाना स्तर पर होने वाली किसी भी छोटी-बड़ी वारदात की सूचना छुपाने या कानूनी कार्रवाई में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा.विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही हर हाल में लागू रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










